गुरदासपुर लोकसभा उप चुनाव के लिए मतदान शुरू, कांग्रेस, भाजपा और आप के बीच त्रिकोणीय मुकाबला - gurdaspur election after vinod khanna death





गुरदासपुर:  पंजाब में छह महीने पुरानी कांग्रेस सरकार की लोकप्रियता की परीक्षा के तौर पर देखे जा रहे गुरदासपुर लोकसभा उप-चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है. अभिनेता से नेता बने भाजपा सांसद विनोद खन्ना के अप्रैल में निधन से यह सीट खाली हुई थी. इस सीट पर कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है. कांग्रेस ने अपनी पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ को उम्मीदवार बनाया है जबकि भाजपा की तरफ से कारोबारी स्वर्ण सलारिया चुनावी मैदान में हैं.'आप' ने सेवानिवृत मेजर जनरल सुरेश खजूरिया को अपना उम्मीदवार बनाया है. इस सीट पर कुल 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.


गुरदासपुर लोकसभा उप-चुनाव में करीब 15.22 लाख वोटरों के पास मताधिकार है. एक अधिकारी ने बताया कि इस संसदीय क्षेत्र के कुल 15,22,922 मतदाताओं में से 7,12,077 महिलाएं हैं और 14 तीसरे लिंग के हैं. इस चुनाव क्षेत्र में अर्धसैनिक बलों की करीब 30 कंपनियां और पंजाब पुलिस के 7,000 जवान तैनात किए गए हैं.


मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा. 1,257 जगहों पर कुल 1,781 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें से 457 को संवेदनशील एवं 83 को अत्यंत संवेदनशील घोषित किया गया है. सभी मतदान केंद्रों पर वोटर-वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) का इस्तेमाल होगा . वोटों की गिनती 15 अक्तूबर को होगी और उसी दिन नतीजा घोषित कर दिया जाएगा .



उप-चुनाव के मद्देनजर पंजाब सरकार ने जिले में सभी दफ्तरों, निगमों, बोर्डों एवं सभी शैक्षणिक संस्थाओं में कल अवकाश घोषित कर दिया है. इस उप-चुनाव को पंजाब की अमरिंदर सिंह सरकार की लोकप्रियता की परीक्षा माना जा रहा है. फरवरी में 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस को 77 सीटें हासिल हुई थीं. कांग्रेस ने इस उप-चुनाव को जीतने के लिए भी पूरा जोर लगा दिया है.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment