नयी दिल्ली, (भाषा) भारत और अमेरिका ने सामरिक, आर्थिक, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष एवं साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा बनाने की दिशा में काम करने का संकल्प व्यक्त किया । भारत ने एच1बी वीजा के मुद्दे को गहरी चिंता के विषय के रूप में उठाया ।
अमेरिकी कांग्रेस की विज्ञान, अंतरिक्ष और प्रद्योगिकी विषय पर सदन की समिति के अध्यक्ष लामर स्मिथ के नेतृत्व में नौ सदस्यीय शिष्टमंडल की 15 से 18 अक्तूबर के बीच भारत यात्रा के दौरान यह संकल्प व्यक्त किया गया ।
विदेश मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमेरिकी कांग्रेस के शिष्टमंडल ने अपनी यात्रा के दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री हर्षवर्द्धन तथा राष्ट्रीय सइबर सुरक्षा संयोजक गुलशन राय से मुलाकात की । शिष्टमंडल ने बेंगलूरू में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन :इसरो: के अध्यक्ष ए एस किरण कुमार के साथ चर्चा भी की ।
अमेरिकी शिष्टमंडल की भारत यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच सामरिक, आर्थिक, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष एवं साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत बनाना था ।
कल अमेरिकी शिष्टमंडल ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ मुलाकात की । इस दौरान सुषमा स्वराज ने एच1बी वीजा के मुद्दे को गहरी चिंता के विषय के रूप में उठाया । उन्होंने भारत..अमेरिका सामरिक संबंधों को बेहतर बनाने में अमेरिकी कांग्रेस की भूमिका की सराहना की ।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट में कहा था कि सुषमा स्वराज ने भारत..अमेरिका सामरिक संबंधों को बेहतर बनाने में अमेरिकी कांग्रेस की भूमिका की सराहना की ।
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री ने सामरिक, आर्थिक, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की अमेरिकी शिष्टमंडल की मजबूत इच्छा का स्वागत किया ।
कुमार ने कहा कि सुषमा स्वराज ने शिष्टमंडल के समक्ष एच1बी वीजा के मुद्दे को गहरी चिंता के विषय के रूप में उठाया और इस मुद्दे पर अमेरिकी कांग्रेस से सहयोग देने की मांग की । अमेरिकी कांग्रेस की विज्ञान, अंतरिक्ष और प्रद्योगिकी विषय पर सदन की समिति के अध्यक्ष लामर स्मिथ के नेतृत्व में नौ सदस्यीय शिष्टमंडल में कांग्रेस के सदस्य मो ब्रूक्स, थामस मैसी, बारबरा कामस्टाक, डेरेन सोटो, एमी बेरा, ब्रियान बेबिन, डाना रोहराबेकर और मार्क स्टानफोर्ड शामिल थे ।



0 comments:
Post a Comment