संकटा प्रसाद सिंह ने हमेशा किसानों के हित में कार्य किया : योगी Sankata Prasad Singh always worked in the interest of farmers: Yogi



लखनऊ,  (भाषा)  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक ठाकुर संकटा प्रसाद सिंह के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि भारतीय किसान संघ में विभिन्न पदों पर रहकर सिंह ने हमेशा किसानों के हित में कार्य किया ।

वरिष्ठ प्रचारक ठाकुर संकटा प्रसाद सिंह का लंबी बीमारी के बाद कल निधन हो गया था। वह 94 वर्ष के थे।आज उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘संकटा प्रसाद सिंह सामाजिक कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहते थे। भारतीय किसान संघ में विभिन्न पदों पर रहकर किसानों के हित में किये गये उनके प्रयासों को हमेशा याद रखा जाएगा।’’ योगी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना भी व्यक्त की।

संघ-अवध प्रांत की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि सिंह 1942 में भारत छोड़ो आन्दोलन के दौरान संघ के सम्पर्क में आये और 1944 में संघ प्रचारक के तौर पर भदोही के मडियाहूं तहसील भेजे गए।

संघ के तहसील, जिला व विभाग प्रचारक के बाद उन्होंने किसान संघ के प्रदेश के संगठन मंत्री, अखिल भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला। संघ के प्रशिक्षण वर्ग के वह उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्य शिक्षक थे |



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment