वीके सिंह और श्रीकांत शर्मा ने किया दो बिजलीघरों का लोकार्पण VK Singh and Shrikant Sharma launch two power stations



गाजियाबाद, ( संवाददाता )  केंद्रीय मंत्री वीके सिंह और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने गाजियाबाद और नोएडा की बिजली समस्या को दूर करते हुए दो सबस्टेशनों का लोकार्पण किया । रविवार से काला पत्थर और अटौर में बने दोनों सबस्टेशन से बिजली मिलने लगेगी ।  
इंदिरापुरम के शिप्रा मॉल में ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड का कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बटन दबाकर ऊर्जा मित्र एप, काला पत्थर 400 केवी, अटौर 400 केवी सबस्टेशन का लोकर्पण किया। 

इस मौके पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार ने सिर्फ  सैफई और रामपुर में बिजली के ढांचे को मजबूत किया। लेकिन केंद्र और राज्य सरकार ने गांव व शहर में लोगों को बिजली आपूर्ति के लिए काम किया। इसके तहत गांव में 18, तहसील में 20 और जिले में 24 घंटे बिजली देने के लिए काम किया है। इसके लिए पुराने खंभे, तार और नए ट्रांसफार्मर को बदलने का काम किया। 

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक घर-घर में लोगों को 24 घंटे बिजली मिलेगी। पिछले छह महीने में दो लाख लोगों को विद्युत कनेक्शन दिए गए हैं । मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 18 हजार मेगावाट बिजली की खपत होती है। गाजियाबाद जिले में 15 फीसदी बिजली की खपत होती है। यहां से राजस्व की वसूली भी ज्यादा होती है। इसलिए 2022 तक गजियाबाद को बिजली संकट नहीं होगा।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री वीके सिंह, कैबिनेट मंत्री अतुल गर्ग, विधायक अजीत पाल त्यागी, मंजू शिवाच, नंद किशोर गुर्जर, महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, डीएम रितु महेश्वरी, प्रबंध निदेशक कामरान रिजवी, मेरठ के प्रबंधक निदेशक अभिषेक प्रकाश, अधीक्षण अभियंता एमसी शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

एप से बिजली कटौती की जानकारी मिलेगी
ऊर्जा मित्र एप से उपभोक्ताओं को बिजली कटौती की जानकारी मिलेगी। विद्युत निगम ने गाजियाबाद में 15 दिन में उपभोक्ताओं को जोड़ दिया है। उपभोक्ताओं को मोबाइल फोन पर संदेश, ई-मेल आदि से बिजली कटौती के शेड्यूल की जानकारी मिलेगी।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment