हांगकांग सुपर सीरीज से भी नाम वापस ले लिया श्रीकांत ने - kidambi srikanth skips hong kong open to prepare for dubai



नई दिल्ली: भारत के शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने चाइना ओपन से हटने के बाद अब हांगकांग सुपर सीरीज से भी नाम वापस ले लिया है, ताकि दिसंबर में होने वाली दुबई सुपर सीरीज के लिए वे पूरी तरह फिट हो सकें. भारतीय टीम के फिजियो सी. किरण ने कहा, 'श्रीकांत अब काफी बेहतर हैं. वह चोट से लगभग उबर चुके हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि किसी टूर्नामेंट में उतरने से पहले वह 90 प्रतिशत नहीं, बल्कि शत-प्रतिशत फिट रहें इसलिए हमने उन्हें एक सप्ताह और विश्राम करने का मौका दिया है.' श्रीकांत ने मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायत के बाद डॉक्टरों की सलाह पर चाइना ओपन सुपर सीरीज से नाम वापस लिया था.



विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज श्रीकांत डेस्टिनेशन दुबई रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं और भारतीय उम्मीद होंगे. मौजूदा सत्र में वह पांच टूर्नामेंटों के फाइनल में पहुंचे और चार में विजेता बने. अन्य भारतीयों में समीर वर्मा कंधे की चोट के कारण हांगकांग ओपन से नाम वापस ले चुके हैं.


मांसपेशियों में खिंचाव के कारण अजय जयराम पहले ही टूर्नामेंट से हट गए थे. समीर इस चोट के कारण डेनमार्क ओपन, फ्रेंच ओपन और राष्ट्रीय चैंपियनशिप से भी बाहर हट गए थे. उन्होंने कहा, 'मैं चोट से उबर चुका हूं. अगले माह मैं कोर्ट पर कड़े प्रशिक्षण के साथ वापसी करूंगा.'



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment