राज्य में शराब और बालू माफिया को संरक्षण दे रहे हैं आरसीपी सिंह: लालू प्रसाद यादव - lalu yadav attacks again over nitish kumar





पटना: सरकारी एजेंसियों की बढ़ती दबिशों के बीच बैकफुट पर दिखती रही लालू एंड फैमिली एक बार फिर आक्रामक होती दिखाई देने लगी है. मंगलवार को 'सेल्फी विद सीएम' मसले को लेकर लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोला था, और बुधवार को लालू ने खुद नीतीश के खास सिपहसालार आरसीपी सिंह के खिलाफ हल्ला बोल दिया है. लालू ने खुलेआम कहा कि JDU सांसद रामचंद्र प्रसाद सिंह डीएम और एसपी वगैरह से वसूली किया करते हैं.



लालू प्रसाद यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि शराबबंदी नीतीश कुमार के काबू से बाहर है, और मुख्यमंत्री आरक्षण विरोधी हैं. उन्होंने आरसीपी सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शराब माफिया का पैसा आरसीपी सिंह के पास पहुंचता है, और सृजन घोटाले का पैसा आरसीपी सिंह तक पहुंच चुका है. लालू का आरोप था कि आरसीपी सिंह राज्य में शराब और बालू माफिया को संरक्षण दे रहे हैं.



लालू प्रसाद ने कहा कि बिहार में शराब की होम डिलीवरी हो रही है, और स्कूली बच्चे शराब माफिया के एजेंट बन रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के वक्त छापेमारी के डर से आरसीपी सिंह गायब थे, लेकिन अब सभी जिलों के एसपी-डीएम से आरसीपी सिंह पैसा वसूलते हैं. लालू प्रसाद यादव ने दावा किया कि उन्हें यह जानकारी चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने दी थी. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि पटना के एसएसपी JDU प्रवक्ताओं के घरों पर छापे मारकर दिखाएं, क्योंकि वहां हर शाम शराब पार्टी होती है.



लालू प्रसाद इन सभी आरोपों के अलावा बुधवार को JDU की अंदरूनी लड़ाई में भी कूद पड़े. बागी तेवर अपनाए बैठे बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी और पूर्व मंत्री व JDU विधायक श्याम रजक द्वारा पार्टी के खिलाफ बोले जाने को लालू ने सही ठहराया है. उन्होंने कहा कि वह JDU के सभी दलित नेताओं के साथ हैं, और ये दोनों नेता सही बोल रहे हैं.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment