नई दिल्ली: तीसरे टेस्ट में टीम इंडिया ने जीत की ओर मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं. मैच में श्रीलंका टीम के सामने जीत के लिए 410 रन का विशाल लक्ष्य है. चौथे दिन स्टंप्स के समय 16 ओवर के बाद श्रीलंका की दूसरी पारी का स्कोर तीन विकेट खोकर 31 रन है. धनंजय डिसिल्वा 13 और एंजेलो मैथ्यूज बिना कोई रन बनाए क्रीज पर हैं. इससे पहले, टीम इंडिया ने आज अपनी दूसरी पारी पांच विकेट पर 246 रन बनाकर घोषित की. शिखर धवन (67), विराट कोहली (50) और रोहित शर्मा (नाबाद 50) ने अर्धशतक बनाए. इससे पहले श्रीलंका की टीम आज सुबह, पहली पारी में 373 रन बनाकर आउट हो गई.कप्तान दिनेश चंदीमल (164) आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे. पहली पारी के आधार पर भारत को 163 रन की बढ़त हासिल हुई थी.
विशाल लक्ष्य के बोझ तले दबी श्रीलंका टीम की दूसरी पारी की शुरुआत भी खराब हुई. पारी के छठे ओवर में मोहम्मद शमी ने सदीरा समरविक्रमा (5) को विकेटकीपर साहा से कैच कराकर भारत को पहली कामयाबी दिलाई. पारी के 16वें ओवर में लेग स्पिनर रवींद्र जडेजा ने दिमुथ करुणारत्ने (13) और नाइट वाचमैन सुरंगा लकमल (0) को आउट कर श्रीलंका की हालत खस्ता कर दी. तीसरे दिन का खेल जब समाप्ता घोषित किया गया उस समय धनंजय डिसिल्वा 13 और एंजेलो मैथ्यूज बिना कोई रन बनाए क्रीज पर थे.
विकेट पतन: 14-1 (समरविक्रमा, 5.5), 31-2 (करुणारत्ने, 15.1), 31-3 (लकमल, 15.4)
दूसरी पारी में भारतीय टीम को तीसरे ही ओवर में पहला झटका लग गया. पहली पारी में शतकीय पारी खेलने वाले मुरली विजय दूसरी पारी में महज 9 रन बना पाए. उन्हें तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल ने विकेटकीपर डिकवेला से कैच कराया. दक्षिण अफ्रीका दौरे को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम प्रबंधन ने चेतेश्वर पुजारा के स्थान पर आउट ऑफ फॉर्म चल रहे अजिंक्य रहाणे को पहले क्रम पर बैटिंग के लिए भेजा, हालांकि वे दूसरी पारी में भी नाकाम रहे. रहाणे (10 रन, 37 गेंद, दो चौके) को दिलरुवान परेरा की गेंद पर लक्षन संदाकन ने आउट किया. भारत का दूसरा विकेट 29 के स्कोर पर गिरा. इसके बाद धवन और पुजारा ने मिलकर स्कोर लंच तक 50 के पार पहुंचा दिया.
लंच के बाद आश्चर्यजनक रूप से भारतीय पारी को तेजी से बढ़ाने की जिम्मेदारी शिखर धवन की जगह चेतेश्वर पुजारा ने संभाली. पारी के 25वें ओवर में श्रीलंकाई कप्तान चंदीमल ने दिलरुवान परेरा की गेंद पर चेतेश्वर पुजारा के खिलाफ एलबीडब्ल्यू का रिव्यू लिया लेकिन टीवी अम्पायर का फैसला भारतीय बल्लेबाज के पक्ष में रहा. भारतीय टीम के 100 रन 29.3ओवर में पूरे हुए. टीम इंडिया का तीसरा विकेट चेतेश्वर पुजारा (49 रन, 66 गेंद, पांच चौके) के रूप में गिरा, जिन्हें स्पिनर धनंजय सिल्वा ने मैथ्यूज से कैच कराया. पुजारा के आउट होने के बाद शिखर धवन ने अपनी बैटिंग का अंदाज बदला और आक्रामक स्ट्रोक खेले. मंगलवार को ही 32 वर्ष के हुए धवन का पांचवां टेस्ट अर्धशतक 83 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से पूरा हुआ. वे चौथे विकेट के रूप में आउट हुए. धवन को 67 रन के निजी स्कोर (पांच चौके, एक छक्का) पर लक्षन संदाकन ने विकेटकीपर डिकवेला से स्टंप कराया.चाय के समय टीम इंडिया का स्कोर चार विकेट पर 192 रन था.
चाय के बाद विराट कोहली (50 रन, 58 गेंद, तीन चौके) ने अर्धशतक पूरा किया. हालांकि इसके तुरंत बाद वे तेज गेंदबाज लाहिरु गमागे की गेंद पर लकमल को कैच दे बैठे. रोहित शर्मा (50 रन 49 गेंद, पांच चौके) का अर्धशतक पूरा होते ही कप्तान विराट कोहली ने 246 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी. रवींद्र जडेजा चार रन बनाकर नाबाद रहे. श्रीलंका के लकमल, गमागे, परेरा, डिसिल्वा और संदाकन को एक-एक विकेट मिला.



0 comments:
Post a Comment