गुजरात चुनाव : पहले चरण में 68 फीसदी मतदान Gujarat polls: 68 percent polling in first phase



गांधीनगर। गुजरात में 89 सीटों के लिए शनिवार को पहले चरण का मतदान हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक राज्य में 68 फीसदी मतदान हुआ है। इसके साथ ही 977 उम्मीदवारों का भाग्य मतदान मशीनों में कैद हो गया है।

जानकारी के मुताबिक राज्य भावनगर इलाके में 62, सुरेन्द्र नगर 65, सूरत 70, जामनगर 65, बोटाड 60, सोमनाथ 70, कच्छ 63, नर्मदा 62, द्वारका 63, सूरत 70, नवसारी 75 और पोरबंदर में 60 प्रतिशत वोटिंग होने की खबर है।

इस चरण में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघाणी, बाबू बोखरिया, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन मोढवाड़िया, शक्तिसिंह गोहिल समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है।

2012 के पिछले चुनाव में (बीच में हुए कुछ उपचुनावों को छोड़) भाजपा ने इनमें से 63, कांग्रेस ने 22, बाद में भाजपा में विलय करने वाली केशुभाई पटेल की गुजरात परिवर्तन पार्टी ने दो, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी तथा जदयू ने एक एक पर जीत हासिल की थी।
गुजरात में पहले चरण के मतदान का लाइव अपडेट्स...

सौराष्ट्र क्षेत्र के 11 जिलों की 49 सीटों में से भाजपा ने 31 कांगेस ने 15, राकांपा ने एक और गुपपा ने दो, दक्षिण गुजरात के सात जिलों की 34 में से 27 पर भाजपा, छह पर कांग्रेस और एक पर जदयू तथा कच्छ जिले की छह में से पांच पर भाजपा और एक पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी।

पहले चरण में 57 महिलाओं समेत कुल 977 उम्मीदवार मैदान में हैं। सत्तारूढ़ भाजपा ने सभी 89 सीटों पर जबकि मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने 87 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। बसपा ने 64, सपा ने चार, वाघेला के जनविकल्प मोर्चा ने 48, आप ने 21, जदयू ने 14, राकांपा ने 30 और शिवसेना ने 25 प्रत्याशी उतारे हैं। 443 निर्दलीय हैं।

कुल 182 सीटों वाली विधानसभा की शेष 93 सीटों (उत्तर और मध्य गुजरात के 14 जिलों की) पर दूसरे और अंतिम चरण में 14 दिसंबर को चुनाव होगा। मतगणना 18 दिसंबर को होगी।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment