सिडनी में गिरफ्तार हुआ उत्तर कोरिया का वफादार 'इकॉनमिक एजेंट' - loyal agent of north korea arrested in sydney for trying to sell missile parts





आस्ट्रेलिया संघीय पुलिस ने रविवार को सिडनी से उत्तर कोरिया सरकार के लिए कथित तौर पर काम करने वाले शख्स को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि वह उत्तर कोरिया के 'इकॉनमिक एजेंट' के तौर पर काम कर रहा था। 'सीएनएन' की रिपोर्ट के अनुसार, प्रशासन ने इस शख्स की पहचान दक्षिण कोरियाई मूल के चान हान चोई (59) के रूप में की है।


पुलिस ने बताया कि आस्ट्रेलिया की नागरिकता ले चुके इस शख्स ने उत्तर कोरिया की ओर से अन्य अंतरराष्ट्रीय इकाइयों को मिसाइलों, मिसाइलों के उपकरणों आदि की बिक्री में मुख्य भूमिका निभाई और व्यापक तबाही के लिए हथियारों की आपूर्ति पर चर्चा की। चोई ने उत्तर कोरिया से वियतनाम और इंडोनेशिया को कोयला पहुंचाने की योजना भी बनाई थी। हालांकि, इसके कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं कि इन दोनों देशों की सरकारों को इस योजना के बारे में जानकारी थी।

ये गतिविधियां संयुक्त राष्ट्र और आस्ट्रेलिया के प्रतिबंधों का उल्लंघन है। चोई पर इन गतिविधियों में संलिप्त होने के लिए छह आरोप लगे हैं। सीएनएन ने ऑस्ट्रेलिया संघीय पुलिस सहायक आयुक्त नील गौहन के हवाले से बताया, 'यह मामला कुछ ऐसा है जिसे हमने पहले कभी आस्ट्रेलियाई धरती पर नहीं देखा। आस्ट्रेलिया में पहली बार कॉमनवेल्थ वेपन्ज़ ऑफ मास डिस्ट्रक्शिन ऐक्ट के तहत किसी शख्स पर आरोप लगाए गए हैं और हमने पहली बार उत्तर कोरिया के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों का उल्लंघन करने के आरोप लगाए हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'चोई उत्तर कोरिया का वफादार एजेंट है, जिसका मानना है कि वह देश के लिए देशभक्ति का काम कर रहा है।'

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment