अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अहमदाबाद में साबरमती के राणिप मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वोट डालने से पहले प्रधानमंत्री लोगों के साथ पंक्ति में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आये। इस दौरान उनसे मिलने के लिए लोगों में होड़ लग गयी। प्रधानमंत्री ने मतदान के बाद अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाते हुए वहां मौजूद लोगों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कुछ दूरी तक पैदल चले और उन्हें देखने को उमड़ी भीड़ का अभिवादन करते दिखे। बाद में प्रधानमंत्री अपनी गाड़ी के स्टैंड पर खड़े हो गये और लोगों का कुछ दूरी तक अभिवादन किया।
गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज उत्तर और मध्य गुजरात की 93 सीटों पर मतदान चल रहा है। आज के चुनाव में करीब 2.22 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे। दूसरे चरण के चुनाव के लिए कुल 851 उम्मीदवार मैदान में हैं। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण के चुनाव में 89 सीटों पर नौ दिसंबर को मतदान हुआ था। यह चुनाव प्रधानमंत्री मोदी के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई के तौर पर देखा जा रहा है और कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व के लिए परीक्षा है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 115 सीटें जीती थीं जबकि कांग्रेस ने 61 सीटों पर जीत दर्ज की थी। मतगणना 18 दिसंबर को की जाएगी।




0 comments:
Post a Comment