दिल्ली में तापमान, दृश्यता में गिरावट Temperature, visibility fall in Delhi



नयी दिल्ली,  (भाषा) दिल्ली में ठंडी हवाएं चलने की वजह से आज सुबह स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को ठंड का अहसास हुआ और उन्हें मोटे तथा गर्म कपड़े पहनकर अपने घरों से निकलना पड़ा। हालांकि कई इलाकों में सुबह हल्का कोहरा भी छाया रहा जिससे लोगों की परेशानी बढ़ी।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। सफदरजंग वेधशाला में रिकॉर्ड तापमान को शहर का औपचारिक तापमान माना जाता है।

उन्होंने बताया कि कोहरे की वजह से कई स्थानों पर दृश्यता का स्तर 700 मीटर तक गिर गया। पालम मौसम स्टेशन में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि लोधी रोड में 11 डिग्री सेल्सियस, रिज 8.2 और आयानगर में 10.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अधिकारी ने बताया कि ठंडी हवा चलने के कारण लोगों को तेज सर्दी का अहसास होने लगा।

सुबह साढ़े आठ बजे साक्षेपिक आर्द्रता का स्तर 95 फीसदी था।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने अगले 24 घंटे के दौरान हल्के से मध्यम स्तर तक का कोहरा छाए रहने तथा आसमान के साफ रहने का अनुमान जताया है।

कल न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था और अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment