जल्दी उड़ान भरने के चक्कर में 14 यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही छोड़ दिया इंडिगो ने - indigo flight departs early leaves 14 passengers behind





नई दिल्ली: इंटरग्लोबल एविएशन की इंडिगो एयरलाइन एक बार भी चर्चा में है. लगातार विवादों में घिर रही एयरलाइन का एक और ताजा मामला आया है. इंडिगो ने जल्दी उड़ान भरने के चक्कर में 14 यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही छोड़ दिया. हालांकि, इन सभी 14 यात्रियों के पास बोर्डिंग पास थे, लेकिन फ्लाइट को समय से पहले ही बोर्ड कर दिया गया. दरअसल यह मामला सोमवार का है जब इंडिगो की फ्लाइट गोवा से हैदराबाद जा रही थी.


गोवा से हैदराबाद जाने वाली इंडिगो फ्लाइट अपने तय वक्त से पहले ही हैदराबाद के लिए रवाना हो गई. इस दौरान गोवा एयरपोर्ट पर इसी फ्लाइट के 14 यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही छोड़ दिया. वहीं, एक यात्री का कहना है कि फ्लाइट अपने समय से पहले ही हैदराबाद के लिए रवाना हो गई. इस बारे में किसी तरह का कोई अनाउंसमेंट भी नहीं किया गया.




टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, इंडिगो 6E 259 फ्लाइट सोमवार रात 10:50 बजे गोवा से हैदराबाद के लिए रवाना होना थी, लेकिन यात्रियों ने बताया कि ये फ्लाइट 25 मिनट पहले ही टेक ऑफ कर गई. फ्लाइट को रात 12.05 पर हैदराबाद एयरपोर्ट पर लैंड करना था. लेकिन ये फ्लाइट 11:40 पर ही लैंड कर गई थी.


एयरलाइन के बयान के मुताबिक बोर्डिंग गेट 10:25 पर बंद कर दिए थे और ये यात्री 10:33 पर गेट पर पहुंचे. जब फ्लाइट टेक ऑफ करने वाली थी इससे पहले कई बार अनाउंसमेंट किए गए थे. इंडिगो के प्रवक्ता ने यात्रियों के इन दावों को गलत बताया है. इंडिगो प्रवक्ता के मुताबिक, यात्रियों को गेट पर रिपोर्ट करने के लिए कई बार अनाउंसमेंट किया गया था. लेकिन, पैसेंजर्स वक्त पर नहीं पहुंचे इसलिए इनकी फ्लाइट मिस हुई.


इंडिगो स्टाफ का कहना है कि उन्होंने इन पैसेंजर के ट्रैवल एजेंट थॉमस कुक से पैसेंजर्स का नंबर मांगा था. लेकिन, कंपनी ने फोन नंबर देने से इनकार कर दिया और यात्रियों को खुद इन्फॉर्म करने की बात कही. इंडिगो का दावा है कि दूसरे यात्री इस बात के गवाह हैं कि एयरलाइन ने यात्रियों को बुलाने की काफी कोशिश की.


इंडिगो प्रवक्ता के मुताबिक, दूसरे यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए समय पर गेट बंद किए गए थे. जो यात्री लेट हुए सिर्फ उन्हें ही छोड़ा गया. इसमें एयरलाइन का कोई दोष नहीं है. छूट गए यात्रियों को अगली सुबह फ्लाइट दी गई. जिसके लिए उनसे अलग से कोई चार्ज नहीं लिया गया.


पूरे मामले में इंडिगो की कार्यप्रणाली पर इसलिए सवाल उठता है क्योंकि, जो यात्री अपना बैगेज करा चुके हैं उन्हें फ्लाइट में होना चाहिए. सुरक्षा नियमों के मुताबिक, यह एयरलाइन की जिम्मेदारी है कि जो यात्री अपना बैगेज करा चुके हैं वो फ्लाइट में पहुंचे हैं या नहीं. ऐसे में अगर छूट गए 14 यात्रियों ने चेक इन कर लिया था तो उन्हें छोड़कर जाना सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment