सेंचुरियन : पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से हारने के बाद टीम इंडिया शनिवार से से सुपर स्पोर्ट पार्क मैदान पर शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच में जीत के साथ सीरीज में वापसी करने के इरादे से उतरेगी. उल्लेखनीय है कि केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकटे मैदान पर खेले गए पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 72 रनों से पराजित कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है.
पिछले मैच में नजर डाली जाए, तो भारत के तेज गेंदबाजों ने अपनी भूमिका बखूभी निभाई थी, लेकिन उसके बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाए थे. इस मैच में भी भारत को मेजबान टीम के गेंदबाजों से सावधान रहना होगा. बताया जा रहा है कि सेंचुरियन की पिच भी केपटाउन की तरह ही तेज होगी. इसका इशारा दक्षिण अफ्रीका के कोच ओटिस गिब्सन भी कर चुके है.
भारतीय टीम को दूसरा टेस्ट मैच जीतने के लिए अपनी बल्लेबाजी मजबूत करनी होगी. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम प्रबंधन विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा और सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शनिवार से यहां शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से बाहर रख सकता है लेकिन अजिंक्य रहाणे की वापसी की संभावना कम लग रही है.
पहले मैच में रहाणे के टीम में शामिल न करने को लेकर भारतीय टीम प्रबंधन की काफी आलोचना हुई थी. वहीं मुरली विजय के साथ लोकेश राहुल पारी की शुरुआत करने आ सकते हैं. इसके अलावा, कप्तान विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा को भी बड़ी भूमिका निभानी होगी. भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और हार्दिक पांड्या जैसे तेज गेंदबाज से पिछले मैच में किए गए प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद होगी.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों की बात की जाए, तो भारतीय बल्लेबाजों के लिए पिछले टेस्ट मैच में नौ विकेट लेने वाले वार्नोन फिलेंडर दूसरे टेस्ट में भी सबसे बड़ी मुसीबत बन सकते हैं. इसके अलावा, कगीसो रबादा, मोर्ने मोर्केल भी भारत की सीरीज की हार से बचने की कोशिश में पानी फेर सकते हैं. डेल स्टेन के चोटिल होने के बाद दक्षिण अफ्रीका अपने चौथे तेज गेंदबाज के रूप में क्रिस मॉरिस को मैदान पर उतार सकती है.
मेजबान टीम की बल्लेबाजी का दारोमदार कप्तान फाफ डु प्लेसिस, अब्राहम डिविलियर्स और क्विंटन डी कॉक, हाशिम अमला पर होगा.



0 comments:
Post a Comment