राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतना है पहला लक्ष्य: मनप्रीत सिंह - winning gold medal in commonwealth games is our target says manpreet singh





बेंगलुरू: भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने सत्र के शुरुआती न्‍यूजीलैंड के दौरे को टीम की आगे की तैयारी से लिहाज से महत्‍वपूर्ण माना है. मनप्रीत को विश्‍वास है कि न्यूजीलैंड दौरे से टीम आगामी व्यस्त सत्र के लिए लय हासिल कर लेगी जिसमें पहला लक्ष्य राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतना है. भारतीय पुरुष टीम आज न्यूजीलैंड रवाना हो गई जहां उसे बेल्जियम, न्यूजीलैंड और जापान के खिलाफ 17 जनवरी से दो अलग अलग पांच दिवसीय सीरीज खेलनी है.भारत की युवा टीम में चार नये खिलाड़ी हैं. कप्तान मनप्रीत सिंह ने चार देशों के इस आमंत्रण टूर्नामेंट की अहमियत पर जोर देते हुए कहा,‘शीर्ष टीमों के खिलाफ सत्र का आगाज करना अच्छा होता है. इस साल वर्ल्‍डकप में बेल्जियम हमारे पूल में है और हम उसके खिलाफ ज्यादा से ज्यादा मैच खेलना चाहते हैं.’



उन्होंने कहा,‘न्यूजीलैंड और जापान भी अच्छी टीमें है और इस टूर्नामेंट से राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी में मदद मिलेगी.’ भुवनेश्वर में पिछले साल के अंत में हुए हॉकी वर्ल्‍ड लीग फाइनल के बारे में मनप्रीत ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम और जर्मनी जैसी टीमों के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है. उन्होंने कहा,‘बड़े टूर्नामेंट में शीर्ष टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन काफी अहम है. पहले हममें अपने से ऊंची रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन का आत्मविश्वास नहीं था लेकिन अब हम इस भरोसे के साथ उतरते हैं कि उन्हें हरा सकते हैं.’ अगले साल भारत को राष्ट्रमंडल खेल, चैम्पियंस ट्रॉफी, एशियाई खेल, एशियाई चैम्पियंस ट्राफी और ओडिशा में वर्ल्‍डकप खेलना है.


मनप्रीत ने कहा,‘हॉकी वर्ल्‍ड लीग फाइनल के बाद हमें पता चल गया कि कहां मेहनत करनी है. हमने डिफेंस और सर्कल के भीतर मैन टू मैन मार्किंग पर काम किया है.’ उन्होंने कहा,‘हमारा लक्ष्य राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतना और एशियाई खेल में अपना स्वर्ण बरकरार रखना है.हमें अपनी कमजोरियों को अपनी ताकत बनाना होगा तभी यह संभव होगा.’ भारत को पहला मैच 17 जनवरी को जापान से खेलना है.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment