टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच निर्णायक मुकाबला आज - india south africa third t20 match cape town





केपटाउन: टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला आज केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए पिछले दो टी-20 मैचों के परिणामों ने यह जाहिर कर दिया है कि आज खेले जाने वाला तीसरा और अंतिम मैच 'फाइनल' जैसी हैसियत हासिल कर गया है और इसे जीतने के लिए दोनों टीमों के बीच रोमांचक मैच होने जा रहा है.



जोहानिसबर्ग में खेले गए पहले टी-20 मैच में भारत ने जीत हासिल की थी, लेकिन 21 फरवरी को सेंचुरियन में खेले गए मैच में उसे मेजबान टीम से हार का सामना करना पड़ा. ऐसे में तीसरे मैच में दोनों ही टीमें जीत के लिए हर प्रयास करेंगी.

पिछले दोनों मैचों में भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें मैदान पर उतार-चढ़ाव से गुजरी हैं. पहले मैच में भारतीय टीम के गेंदबाजों ने अच्छा कमाल दिखाया था, वहीं दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को उसके बल्लेबाजों की वजह से जीत मिली.

पहले टी-20 मैच में भारतीय ने ओपनिंग बल्लेबाज शिखर धवन (72) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 203 रनों का स्कोर खड़ा किया और इसके बाद भुवनेश्वर कुमार (5/24) की गेंदबाजी से साउथ अफ्रीका को लक्ष्य तक पहुंचने नहीं दिया.



साउथ अफ्रीका ने दूसरे मैच में अच्छी वापसी की. इस सीरीज से टी-20 फॉर्मेट में करने वाले दो युवा खिलाड़ियों जूनियर डाला और हेनरिक क्लासेन ने मेजबान टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.

डाला ने दो विकेट चटकाए, तो वहीं क्लासेन ने 69 रनों की शानदार पारी खेली. हालांकि, इसमें कप्तान जे पी डुमिनी की नाबाद 64 रनों की पारी ने भी अहम भूमिका निभाई.

ऐसे में दोनों ही टीमें तीसरे मैच को जीतने में पूरा जोर लगाएंगी. भारतीय टीम के पास धवन, रोहित शर्मा और इस सीरीज से टीम में वापसी करने वाले सुरेश रैना, कप्तान विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी के अलावा, पिछले मैच में टीम के लिए सबसे ज्यादा 79 रन बनाने वाले मनीष पांडे जैसे बल्लेबाज हैं.

जहां तक गेंदबाजों सवाल है, तो उसके पास भुवनेश्वर कुमार, शार्दुल ठाकुर, जयदेव उनादकट, हार्दिक पंड्या और युजवेंद्र चहल जैसे खिलाड़ी हैं, जो साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं.

साउथ अफ्रीका के पास भले ही उसके अनुभवी खिलाड़ी एबी डिविलियर्स और क्विंटन डी कॉक नहीं हैं, लेकिन डाला और क्लासेन जैसे युवा खिलाड़ियों ने दूसरे मैच में उनकी कमी महसूस नहीं होने दी.

रेजा हेंड्रिक्स, डुमनी, क्लासेन, फरहान बेहार्डियन और जॉन जॉन स्मट्स ने जहां एक ओर टीम की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली है, वहीं डाला, क्रिस मॉरिस, तबरेज शम्सी, स्मट्स ने गेंदबाजी का जिम्मा संभाला हुआ है.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment