नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर का रविवार (25 फरवरी) को जन्मदिन था. जन्म 25 फरवरी 1981 को दिल्ली में हुआ था. उनके पिता पंकज कपूर मशहूर एक्टर और मां नीलिमा अजीम टीवी एक्ट्रेस हैं. शाहिद कपूर एक सफल एक्टर के बेटे हैं, इसके बावजूद उन्हें बॉलीवुड में स्थापित होने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा. उनके जन्मदिन पर उनके प्रशंसक ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं. इसी बीच शाहिद ने एक ऐसा ट्वीट किया, जिसे पढ़कर आप भी भावुक हो जाएंगे.
दरअसल, बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी के निधन से पूरा बॉलीवुड सदमे में है. श्रीदेवी का शनिवार देर रात दुबई में निधन हो गया. 54 साल की उम्र में अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन से हर कोई स्तब्ध है. इसी दौरान अपने जन्मदिन पर शाहिद ने ट्वीट करते हुए सभी को धन्यवाद कहा, इसके साथ ही उन्होंने लिखा, 'आज का दिन श्रीदेवी जी को याद करने का दिन है. हमारी सभी शुभकामनाएं और प्रेम आज श्रीदेवी के लिए है. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे'.
शाहिद कपूर की हाल ही में फिल्म ‘पद्मावत’ आई. फिल्म में शाहिद और उनके किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इसी के साथ ही शाहिद ने यह साबित कर दिया कि वह भी एक जबरदस्त एक्टर हैं. शाहिद एक्टिंग के अलावा बहुत जबरदस्त डांसर भी हैं. शाहिद ने शामक डाबर अकादमी से डांस सीखा. वहीं शाहिद डांस में ही अपना करियर बनाना चाहते थे. शाहिद को सबसे पहले बड़े पर्दे पर ऐश्वर्या राय के पीछे डांस करते हुए देखा गया था. फिल्म ताल के गाने ‘आओ सैंया’ में शाहिद ऐश्वर्या को पीछे से ओढ़नी पहनाते हुए देखे जा सकते हैं.



0 comments:
Post a Comment