गाजियाबाद, ( क्राईम रिपोर्टर ) विजय नगर के न्यू लिंक रोड चैराहे पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में विजय नगर थाना प्रभारी घायल हो गये है तथा बदमाश के पैर में भी गोली लगी है। घायल बदमाश का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घायल बदमाश हापुड़ का सुंदर है जिस पर 25 हजार रूपए का इनाम है।
बदमाशों से मुठभेड़ में विजयनगर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह के पेट में बायीं ओर गोली लगी है। सूचना पर एसएसपी वैभव कृष्ण, एसपी सिटी आकाश तोमर, सीओ मनीषा सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने अस्पताल के डॉक्टरों से इंस्पेक्टर की हालत के बारे में जानकारी भी ली। पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा, कारतूस बरामद किया है। बदमाश संभवतः किसी वारदात की फिराक में जा रहे थे।
एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल बदमाश सुंदर है। 25 हजार का इनामी सुंदर हापुड़ के पिलखुवा का रहने वाला है। वह विजयनगर में हत्या के एक मामले में वांछित था। विजयनगर पुलिस को शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में वांछित 25 हजार का इनामी बदमाश सुंदर बाइक से न्यू लिंक रोड से जा रहा है। सूचना पर डीपीएस सिद्धार्थ विहार चैराहे के पास विजयनगर के इंस्पेक्टर नरेश सिंह टीम के साथ पहुंचे, पुलिस की गाड़ी देखकर बाइक सवार बदमाश फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। बदमाशों की एक गोली पेट में लगने से इंस्पेक्टर नरेश सिंह घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश सुंदर पैर में गोली लगी और वह बाइक से गिर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि उसका साथी बाइक से भाग निकला।




0 comments:
Post a Comment