केजरीवाल ने दिया कुमार विश्वास को झटका, राजस्थान प्रभारी पद से हटाया Kejriwal gives away Kumar Vishwas, shocks Rajasthan's charge



नई दिल्ली, ( संवाददाता )  आम आदमी पार्टी ने आज पार्टी नेता और प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास को राजस्थान में पार्टी मामलों के प्रभारी पद से हटा दिया और उनकी जगह दीपक वाजपेयी को नियुक्त कर दिया। पार्टी के इस निर्णय की घोषणा आप प्रवक्ता आशुतोष ने एक संवाददाता सम्मेलन में की। कुमार को गत वर्ष राजस्थान का प्रभारी नियुक्त किया गया था जिसके बाद उन्होंने राजस्थान में जाकर पार्टी नेताओं के साथ बैठकें कर दावा भी किया था कि 2018 में होने वाले विधानसभा चुनावों में वसुंधरा राजे सरकार को हटाने में आप सफल होगी।

आशुतोष ने कहा, ''दीपक वाजपेयी राजस्थान में विधानसभा चुनावों के प्रभारी होंगे। अपनी व्यस्तताओं के कारण कुमार विश्वास चुनावी तैयारियों में समय नहीं दे पा रहे थे।’’ उन्होंने कहा कि 'आप’ पूरी ताकत के साथ राजस्थान विधानसभा चुनाव लड़ेगी। आशुतोष ने कहा कि वाजपेयी राजस्थान में चुनावों के लिए उम्मीदवारों की सूची तैयार करेंगे और पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति इसे अंतिम रूप देगी।

दिल्ली में इस वर्ष हुए राज्यसभा चुनावों में टिकट नहीं मिलने के चलते विश्वास और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के बीच संबंध ठीक नहीं चल रहे हैं और विश्वास आये दिये ट्वीटर पर आप नेताओं पर कटाक्ष करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। विश्वास ने कहा भी था कि जो केजरीवाल से सहमत नहीं है पार्टी में उसके लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा था कि लेकिन इस सबके बावजूद मैं पार्टी नहीं छोडूँगा क्योंकि इस पार्टी के गठन में मेरा भी योगदान रहा है।

हालांकि आज के फैसले पर अभी विश्वास की प्रतिक्रिया नहीं मिली है लेकिन राजस्थान में उनके समर्थकों की ओर से पार्टी के इस कदम पर असंतोष की खबरें सामने आ रही हैं। गौरतलब है कि राजस्थान में इस वर्ष नवंबर माह में विधानसभा चुनाव होने हैं।




Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment