मुंबई। अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा है कि ‘रुस्तम’ फिल्म में एक नौसेना अधिकारी की भूमिका के लिए पहने गये परिधान की नीलामी पर मिल रही प्रतिक्रिया को लेकर वह और उनकी पत्नी टि्वंकल खन्ना जरा भी विचलित नहीं हैं। पिछले सप्ताह अक्षय ने धर्मार्थ और पशु बचाव एवं कल्याण कार्य के लिए 2016 में आई अपनी फिल्म में पहने गए परिधान की नीलामी की घोषणा की थी। परिधान को ‘‘असली नौसैन्य वर्दी’’ बताए जाने वाले अक्षय कुमार के इस ट्वीट की जम कर आलोचना की गई। ट्वीट करने वालों ने टिप्पणी की कि जैसा कि यह दंपत्ति दावा कर रहे हैं वैसा नहीं है। यह एक फिल्म का परिधान है ना कि नौसेना के एक असली अधिकारी की वर्दी।
फेसबुक पर सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी की टिप्पणी के बाद खासतौर से टि्वंकल लोगों के निशाने पर रहीं। इस व्यक्ति ने कहा था कि अगर टि्वंकल ने वर्दी के नाम पर परिधान की नीलामी की तो वह उन्हें हानि पहुंचाएगा। अभिनेत्री से लेखिका बनी टि्वंकल ने कहा कि टिप्पणी करने वाले इस व्यक्ति के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेंगी। मंगलवार शाम एक समारोह में इस मामले में टि्वंकल को ट्रोल किये जाने पर पूछे गये एक सवाल के जवाब में अक्षय ने कहा कि वह एक ‘अच्छे काम’ के लिए परिधान नीलाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी को कोई समस्या है तो वह इस बारे में कुछ नहीं कर सकते हैं।



0 comments:
Post a Comment