साहिबाबाद ( सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो ) थाना साहिबाबाद क्षेत्र में शहीद नगर कॉलोनी में टेलीफोन एक्सचेंज रोड गफ्फार चैक के पास भारी बरसात के कारण एक पुराने मकान की छत गिर गयी। छत के मलवे में कई जिंदगियों के दबे होने की आशंका है। घायलों में से एक 14 साल की लड़की की मौत हो गई है जबकि एक लड़की को अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार शहीद नगर में गफ्फार चैक के पास शेरा का करीब 40 साल पुराना एक मकान है। इसकी हालत जर्जर बताई गई है जिसकी सरिया गल चुकी थीं जो आज बरसात की मार नहीं सह सकीं। बृहस्पतिवार की सुबह हुई बरसात के कारण मकान की हालत और खस्ता हो गई तथा शाम को 6.15 बजे के करीब मकान की छत भरभराकर गिर गई । जिससे वहां मौजूद बच्चे मलवे के नीचे दब कर घायल हो गए। इनमें से एक 14 साल की लड़की अंजलि पुत्री शेरा की जीटीबी अस्पताल दिल्ली ले जाते समय मौत हो गयी। एक अन्य लड़की जो किराएदार की बतायी गयी है उसे जीटीबी अस्पताल दिल्ली में भर्ती कराया गया है तथा आशंका है कि मलबे के नीचे कुछ और बच्चे हो सकते हैं। घायल लड़की और बच्चों की संख्या और नाम का पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए हैं तथा एनडीआरएफ की टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है।



0 comments:
Post a Comment