सपा कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या SP workers shot dead



आजमगढ़ (उ.प्र.),  (भाषा) आजमगढ़ जिले के देवगांव क्षेत्र में बदमाशों ने सपा कार्यकर्ता की आज दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बेटे को गम्भीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मेंहनगर थाना क्षेत्र के असौसा गांव निवासी सपा कार्यकर्ता डाक्टर महेन्द्र यादव (49) अपने 18 वर्षीय बेटे अंकित यादव के साथ मोटरसाइकिल से लालगंज बाजार गये थे। काम समाप्त होने के बाद पिता-पुत्र पल्हना बाजार स्थित अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में अपराह्न करीब दो बजे सराय चट्टी के पास ताड़कडीह मोड़ पर मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां चलायी और भाग गये। 

उन्होंने बताया कि गोली लगने से महेन्द्र और अंकित गम्भीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें लालगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया लेकिन गम्भीर हालत के मद्देनजर उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही महेन्द्र की मौत हो गयी। अंकित का इलाज किया जा रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गयी। आनन-फानन में पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन शुरू की। पूरे जिले में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया है। 

महेन्द्र के परिजन के मुताबिक वह अपने गांव का प्रधान रहने के साथ ही सपा कार्यकर्ता भी था। उन पर पहले भी बदमाशों ने कई बार हमला किया था जिसमें वह बाल-बाल बच गये थे।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment