परिजनों ने गढ थाने के बाहर जमकर किया हंगामा
हापुड़, ( सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो ) हापुड़ जनपद में शराब माफियाओं पर नकेल कसने के बजाय आबकारी विभाग किसानों पर कच्ची शराब बनाने का आरोप लगाकर कहर बरपा रहा है। कच्ची शराब बनाने के आरोप में हापुड आबकारी विभाग ने एक किसान की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी मौत हो गई। इस बीच परिजनों ने आबकारी इंस्पेक्टर पर रिश्वत न देने के चलते पिटाई से मौत का आरोप लगाते हुए गढ थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। जिसके बाद पुलिस ने आबकारी विभाग के 7 सिपाहियों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
दरअसल, जिले में अवैध कच्ची शराब पर रोक लगाने में नाकाम हापुड़ जनपद के आबकारी अधिकारियों ने एक किसान को कच्ची शराब बनाने का आरोप लगाकर हिरासत में लेकर जमकर पीटा। जिसके बाद किसान की हालत बिगड़ गई और आबकारी विभाग की हिरासत में ही किसान की मौत हो गई।
मामला गढमुक्तेश्वर के कल्याणपुर मढैया का है, जहां आबकारी सिपाहियों ने खेत पर काम कर रहे एक किसान लेखराज को कच्ची शराब बनाने के आरोप में हिरासत में लिया और खेत पर ही उसकी जमकर पिटाई की। जिसके बाद उसे अपने साथ ले गए। किसान के परिजन जब आबकारी कार्यालय पहुंचे तो वहां लेखराज बेहोशी की हालत में मिला। जिसे परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान लेखराज की मौत के बाद परिजनों ने शव को थाने के बाहर रखकर जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि आबकारी विभाग ने लेखराज को छोड़ने के लिए एक लाख रूपये की मांग की थी, जिसमें से 50 हजार रूपये दे भी दिए, लेकिन बाकि 50 हजार न मिलने पर आबकारी सिपाहियों ने लेखराज को बेरहमी से पीटा। जिससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आबकारी इंस्पेक्टर सीमा पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजन आबकारी टीम पर कार्यवाही की मांग को लेकर कई घंटे तक थाने पर हंगामा करते रहे। जिसके बाद पुलिस ने आबकारी विभाग के 3 नामजद व 4 अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लेकिन परिजन इससे भी शांत नही हुए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। बाद में उच्च अधिकारियों के दखल के बाद ग्रामीण शांत हुए।
वहीं, आबकारी विभाग के अधिकारी मामले पर चुप्पी साधे हुए है और जिले के अधिकारी मीडिया वालों से दूर भाग रहे हैं।



0 comments:
Post a Comment