मोदी अब भी लोगों के पसंदीदा नेता, राहुल दूसरे नंबर पर Modi is still the favorite leader of the people, Rahul is second



नयी दिल्ली।  अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों की रणभेरी बजने से ऐन पहले किये गये एक ऑनलाइन सर्वेक्षण में 48 फीसदी लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना पसंदीदा नेता मानते हुए उनके नेतृत्‍व में विश्‍वास जताया है, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस मामले में दूसरे स्‍थान पर हैं लेकिन उन्हें सर्वेक्षण में शामिल केवल 11 प्रतिशत लोगों ने ही अपना नेता माना है। यह सर्वेक्षण राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर से जुड़े संगठन ‘इंडियन पॉलिटिकल एक्‍शन कमेटी’ (आई-पीएसी) के तत्वावधान में ‘नेशनल एजेंडा फोरम’ (एनडीएफ) के तहत कराया गया है। सर्वेक्षण में 57 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए हैं। 
सर्वेक्षण में शामिल 48 फीसदी लोगों का मानना है कि प्रधानमंत्री पद के लिए श्री नरेन्द्र मोदी आज भी उनकी पहली पसंद हैं। श्री मोदी ही ऐसे नेता हैं जो ‘देश के एजेंडे’ को आगे ले जा सकते हैं। सर्वेक्षण में शामिल लोग अभिनेता अक्षय कुमार, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी, योग गुरु बाबा रामदेव एवं पत्रकार रवीश कुमार को राजनीति करते देखना चाहते हैं।
आई-पीएसी ने सर्वेक्षण में शामिल लोगों से 923 नेताओं के बारे में अपनी पसंद जाहिर करने के लिए कहा था। श्री मोदी और श्री गांधी के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 9.3 प्रतिशत वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव सात फीसदी वोटों के साथ चौथे स्थान पर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 4.2 प्रतिशत वोटों के साथ पांचवें और बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती 3.1 फीसदी वोटों के साथ छठे स्थान पर हैं।
लोगों से अपना नेता चुनने की सूची में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता शरद पवार सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय नेताओं के नाम शामिल किये गये थे। 
यह सर्वेक्षण 55 दिनों में देश के 712 जिलों में संपन्न कराया गया। आई-पीएसी भारत का पहला और सबसे बड़ा क्रॉस-पार्टी वकालत समूह है, जो दूरदर्शी, प्रगतिशील और समावेशी नेताओं के चुनाव में समर्थन करने का प्रयास करता है। 


Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment