- छात्रों ने तुरंत कक्षाएँ शुरू करने और सभी को जल्द स्टडी मटेरियल मुहैया कराने के लिए कार्यकारी निदेशक को ज्ञापन सौंपा
- कार्यकारी निदेशक ने छात्रों के दबाव में 2 हफ्तों में कक्षाएँ शुरू करने का दिया आश्वासन
नई दिल्ली, ( विशेष संवाददाता ) क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) के बैनर तले एसओएल छात्रों ने दिल्ली विश्वविद्यालय के नार्थ कैंपस स्थित स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग(एसओएल) बिल्डिंग पर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि एसओएल में नए सत्र की कक्षाएं अभी तक शुरू नही हुई है। साथ ही छात्रों को अब तक सिलेबस की किताबें भी नहीं उपलब्ध कराई गयी है। एसओएल का सत्र सितम्बर माह तक शुरू किया जाता था, पिछले वर्षों से सत्र शुरू करने में बेहद लापरवाही बरती जा रही जिसके कारण बहुसंख्यक छात्रों के भविष्य पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
ज्ञात हो कि दिल्ली विश्वविद्यालय के ही रेगुलर कालेजों में सेमेस्टर खत्म होने को है, मगर इसके ठीक विपरीत एसओएल में अभी तक कक्षाएं शुरू भी नही हुई हैं और एसओएल में छात्रों को कक्षाओं सम्बन्धी जानकारी भी नहीं उपलब्ध है। साथ ही, अभी तक ज्यादातर छात्रों को स्टडी मटेरियल भी नहीं दिया गया है, जबकि उन्हें एडमिशन लिए हुए काफी समय हो चुका है। इसके अतिरिक्त, सभी कोर्सों के रिजल्ट भी अभी तक नहीं घोषित किये गये हैं और जिनके घोषित किये भी गए हैं उनमे भारी अनियमित्ताएं पायी गयी हैं, जैसे कि ज्यादातर छात्र किसी न किसी विषय में फैल हैं।
ध्यान देने की बात है कि कक्षाएं देर से शुरु करने के कारण छात्रों के लिए निर्धारित 20 कक्षाओं में कटौती की जाती है। लेट कक्षाओं और कक्षाओं में कटौती के कारण हर साल सिलेबस अधूरा रह जाता है जिससे छात्रों का रिजल्ट प्रभावित होता है व बहुसंख्यक छात्र फेल होते हैं।


0 comments:
Post a Comment