नयी दिल्ली । राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से करीब एक सप्ताह पहले अलग हुए राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रमुख तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा गुरुवार को बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व वाले महागठबंधन का हिस्सा बन गये।
श्री कुशवाहा ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा करते हुए कहा कि राजग में उनका अपमान हुआ है इसलिए उन्होंने कांग्रेस, राजद, हिंदुस्तानी अवामी मोर्चा जैसे दलों के महागठबंधन का हिस्सा बनने का फैसला किया है। इस मौके पर कांग्रेस कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, लोकतांत्रिक जनता दल के प्रमुख शरद यादव, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी तथा कांग्रेस के बिहार के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल सहित कई प्रमुख नेता मौजूद थे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से प्रभावित हुए हैं। श्री गांधी ने हाल में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा की थी और सरकार बनने के बाद पहला काम इसी घोषणा को पूरा करने का किया है। कांग्रेस नेता की इस कार्यशैली से वह बहुत प्रभावित हुए और उन्हें लगता है कि समाज के जिस वर्ग के हितों के लिए वह लड़ रहे हैं, उसका हित महागठबंधन के जरिए ही साधा जा सकता है।



0 comments:
Post a Comment