मुंबई, (वार्ता) सरकार के साथ तनाव के बीच रिजर्व बैंक के गर्वनर उर्जित पटेल ने सोमवार को तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इसका कारण व्यक्तिगत बताया है। इस बीच डिप्टी गवर्नर विरल आचार्य के भी इस्तीफा देने की खबरें आयीं, लेकिन केन्द्रीय बैंक के प्रवक्ता ने इससे इनकार कर दिया।
रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर विरल आचार्य के केंद्रीय बैंक के कामकाज में सरकारी हस्तक्षेप बढ़ने के बयान के बाद से सरकार और आरबीआई के बीच तनाव बढ़ने की खबरें आ रही थीं। गत 19 नवंबर को रिजर्व बैंक के केन्द्रीय बोर्ड की बैठक में श्री पटेल के इस्तीफा दिये जाने की आशंका जतायी जा रही थी, लेकिन उन्होंने पिछले सप्ताह रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की पाँचवी द्विमासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की थी। इसके बाद उनके इस्तीफे का मुद्दा लगभग ठंडा पड़ गया था, लेकिन उन्होंने आज अचानक एक बयान जारी कर इस्तीफा देने की घोषणा कर दी।
श्री पटेल ने अपने लिखित बयान में कहा कि वह अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने कहा है कि उन्हेें रिजर्व बैंक में विभिन्न पदों पर काम करने का मौका मिला। इस दौरान कर्मचारियों, अधिकारियों और प्रबंधन का भरपूर सहयोग रहा है। अपने सहयोगियों और रिजर्व बैंक के केन्द्रीय बोर्ड के निदेशकों के प्रति आभार जताते हुये उन्होंने उनके बेहतर भविष्य की कामना की है। केन्द्रीय बैंक के प्रवक्ता ने एक निजी टेलीविजन चैनल से कहा कि श्री आचार्य ने न तो इस्तीफा दिया है और न ही उन्होंने ऐसी इच्छा व्यक्त की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी ने श्री पटेल के अचानक इस्तीफा दिये जाने पर कहा “वह उच्च कोटि के अर्थशास्त्री हैं और अब देश को उनकी कमी काफी खलेगी। श्री पटेल पूरी तरह पेशेवर और पूर्ण रूप से ईमानदार हैं। उनकी गहरी अंतरदृष्टि है और वृहद अर्थव्यवस्था पर जबरदस्त पकड़ है। उन्होंने अस्त-व्यस्त बैंकिंग प्रणाली को दुरुस्त करने तथा उसमें अनुशासन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी।”
श्री मोदी ने कहा कि श्री पटेल लगभग छह साल तक रिजर्व बैंक के डिप्टी गर्वनर और गर्वनर रहे। उनके नेतृत्व में केंद्रीय बैंक में वित्तीय स्थिरता आयी। वह अपने पीछे एक बड़ी विरासत छोड़ गये हैं और देश को उनकी कमी काफी खलेगी।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने श्री पटेल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुये कहा कि गवर्नर और डिप्टी गवर्नर के तौर पर श्री पटेल द्वारा की गयी देश की सेवा के लिए सरकार उनकी सराहना करती है। श्री जेटली ने अपने ट्विट में कहा कि श्री पटेल के साथ काम करना उनके लिए उत्साहवर्द्धक रहा है।



0 comments:
Post a Comment