अबु धाबी, (वार्ता) कप्तान सुनील छेत्री के दो शानदार गोलों के दम पर भारत ने एएफसी एशियन कप फुटबॉल टूर्नामेंट में अपने अभियान की जबरदस्त शुरुआत करते हुए थाईलैंड को रविवार को 4-1 से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। भारत ने इस तरह थाईलैंड के खिलाफ 33 साल के लम्बे अंतराल के बाद जीत हासिल की।
भारत की तरफ से कप्तान और स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने 27वें और 46वें मिनट में दो गोल किये जबकि अनिरुद्ध थापा ने 68वें मिनट और जेजे लालपेखलुआ ने 80वें मिनट में गोलकर भारतीय टीम को 4-1 से जबरदस्त जीत दिलाई। अल-नाहयन स्टेडियम में खेले इस मैच में भारत की जीत में उदांता सिंह ने अहम किरदार निभाया। वह गोल तो नहीं कर पाए, लेकिन अपने खेल से उन्होंने गोल करने के मौके बनाए और तीन में से दो गोल में अपना योगदान भी दिया। थाईलैंड की तरफ से एकमात्र गोल कप्तान टेरासिल दंगदा ने 33वें मिनट में किया। भारत इस जीत से ग्रुप ए में तीन अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गया है। भारत और थाईलैंड एक दूसरे से 25 बार आमने सामने हो चुके हैं जिसमें से थाईलैंड ने 12 मौकों पर जीत हासिल की है। वहीं भारत छह बार जीता है जबकि बचे हुए सात मैच ड्रा रहे। पिछली बार दोनों टीमें 2010 में भिड़ीं थीं।



0 comments:
Post a Comment