जींद (भाषा) हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि जींद विधानसभा सीट के उपचुनाव पर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरा देश टकटकी लगाए देख रहा है।
हुड्डा ने स्थानीय कुंदन सिनेमा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस चुनाव के नतीजों के बाद आगामी 30 दिन भी मौजूदा खट्टर सरकार सत्ता में नहीं रह पाएगी। विपक्षी पार्टियों के अनेक विधायक भी हमारे संपर्क में हैं, वे भी इस उपचुनाव के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने 36 बिरादरी से कांग्रेस उम्मीदवार रणदीप सुरजेवाला के पक्ष में वोट मांगते हुए कहा कि रणदीप की जीत से पूरे देश में कांग्रेस मजबूत होगी। जींद का उपचुनाव अगली सरकार तय करेगा। उन्होंने रणदीप को सर्वश्रेष्ठ और मेहनती उम्मीदवार भी बताया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह चुनाव प्रदेश में दिशा तय करेगा। भाजपा के झूठे वादों के कारण पूरे प्रदेश में बदलाव का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि आज पूरे देश और हमारे प्रदेश में किसान कर्जे में डूबा हुआ है। किसान मजबूर होकर आत्महत्या कर रहा है। गरीब आदमी को रोजगार नहीं मिला है और वह रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है। व्यापारी के पास व्यापार नहीं है और कर्मचारी को सम्मान नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने आने से पहले 154 वादे किए थे, लेकिन इस सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया।



0 comments:
Post a Comment