हाजीपुर । बिहार के वैशाली जिले में पूर्व-मध्य रेलवे (ईसीआर) के सोनपुर मंडल के सहदेई बुजुर्ग रेलवे स्टेशन के निकट आज तड़के सीमांचल एक्सप्रेस के 11 डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण हुये हादसे में छह यात्रियों की मौत हो गई तथा 29 अन्य घायल हो गये।
ईसीआर के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी (सीपीआरओ) राजेश कुमार ने बताया कि इस हादसे में इलचा देवी (66), इंदिरा देवी (60) एवं सुदर्शन दास (60) (तीनों बिहार के खगड़िया जिले के रहने वाले) तथा शम्सुद्दीन आलम (26) अंसार आलम (19) और शाईदा खातून (40) (तीनों पश्चिम बंगाल) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में मारे गये लोगों के शवों की गिनती जब अस्पताल में की जा रही थी तब उस समय वहां एक अन्य शव की भी गिनती रेल यात्री के रूप कर ली गई जबकि वह रेल यात्री नहीं था।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना टूटी पटरी पर ट्रेन के गुजरने के कारण हुई है। ऐसे में तोड़फोड़ की आशंका से इनकार नहीं किया सकता है। दुर्घटना को लेकर रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
इस बीच रेलमंत्री पीयूष गोयल ने मृतकों के आश्रितों को पांच लाख रुपये, गम्भीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 50 हजार रुपये अनुग्रह राशि दिये जाने की घोषणा की है। वहीं, हादसे की जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त लतीफ खान से कराने का आदेश दे दिया गया है।
दुर्घटना के बाद रेल पटरी को दुरुस्त करने और मलवा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। दुर्घटना के कारण इस मार्ग से गजरने वाली डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस (अप-डाउन) समेत 12 रेलगाड़ियों को मार्ग बदलकर चलाया जा रहा है।
इस बीच रेल मंत्री रह चुके केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना को दुखद बताया। वहीं रेलवे बोर्ड के चेयरमैन विनोद कुमार यादव भी मौके पर पहुंच गये हैं। वे काफी देर तक मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।



0 comments:
Post a Comment