नयी दिल्ली । केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार के धरने पर बैठने काे नियमों एवं सेवा शर्तों का घोर उल्लंघन करार देते हुये पश्चिम बंगाल सरकार से उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा है।
मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को आज लिखे गये पत्र में कहा गया है कि श्री राजीव कुमार ने अनुशासनहीनता के साथ ही अखिल भारतीय सेवा (कदाचार) नियम, 1968/ एआईएस (डी एंड ए) और नियम 1969 का उल्लंघ किया है।
मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल सरकार से श्री कुमार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के अनुरोध के साथ ही उसे इस बारे में की गयी कार्रवाई से भी अवगत कराने को कहा है।
शारदा चिट फंड मामले की जाँच कर रहे केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों और राज्य पुलिस के बीच हुये टकराव के बाद उत्पन्न स्थिति के बारे में राज्यपाल द्वारा गृह मंत्रालय को भेजी गयी रिपोर्ट के बाद श्री कुमार के खिलाफ यह कदम उठाया गया है।
मंत्रालय ने मुख्य सचिव को लिखे पत्र में कहा है कि उसे मिली रिपोर्ट के अनुसार, श्री कुमार कुछ अन्य पुलिस अधिकारियों को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के साथ कोलकाता में मेट्रो चेनल पर धरने पर बैठ गये। यह पहली नजर में अखिल भारतीय सेवा कदाचार निमय 1968 / एआईएस (अनुशासन और अपील) और नियम 1969 का उल्लंघन है। पत्र में यह भी कहा गया है कि श्री कुमार ने अखिल भारतीय सेवा (कदाचार) नियम 1968 के निमय 3(1), 5 (1) और 7 का भी उल्लंघन किया है।



0 comments:
Post a Comment