नोएडा । शहर पुलिस ने फेज- 3 थाना क्षेत्र के मामूरा गांव से सात फरवरी को अगवा हुए एक युवक को मंगलवार सकुशएल मुक्त करा लिया। पुलिस ने पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
फेज-3 के थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि मामूरा गांव निवासी 19 वर्षीय जुनैद को अज्ञात लोगों ने उसके घर से सात फरवरी को अगवा कर लिया था। उन्होंने जुनैद के परिजनों से 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि अंत में फिरौती की रकम एक लाख रुपये तय हुई। मंगलवार सुबह बदमाश फिरौती लेने के लिए नोएडा के आशीर्वाद होम्स नामक सोसायटी के पास पहुंचे। पुलिस भी तभी मौके पर पहुंच गई।
उन्होंने बताया कि बदमाशों ने पुलिस को देख उनपर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस दल ने माजू चौहान उर्फ वरुण, अशोक चौहान, परवेज उर्फ मोनू, सुहैल उर्फ विशाल तिवारी सलमान उर्फ सागर को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि बदमाशों के पास से अपहरण में प्रयुक्त कार और फिरौती की रकम बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



0 comments:
Post a Comment