झांसी । जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादियों के कायरना हमले का मुंह तोड जवाब दिये जाने की साफ तौर पर घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि जवानों की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने दिया जायेगा और एक सौ ती करोड हिंदुस्तानी इसका मुंह तोड़ जवाब देंगे।
बुंदेलखंड की हृदयस्थली और रानी लक्ष्मीबाई की कर्मभूमि झांसी में जनसभा को दु:खी मन से सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में कहा “ हमारे वीर जवानों की शहादत को व्यर्थ नहीं होने दिया जायेगा। आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए देश के 130 करोड़ लोग आक्रोशित हैं। पूरे देश में शोक और आक्रोश की पराकाष्ठा पार हो रही है। आतंक को पनाह देने वाले हमारे पड़ोसी दुश्मन देश को माकूल जवाब देने के लिए समय,तरीका और रणनीति तय कर दी गई है।”
उन्होंने कहा “ आज देश बहुत ही दुखी है। आपकी भावनाओं को मैं समझ पा रहा हूं। हमारे वीर जवानों ने प्राणों की आहुति दी है, उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। ये देश के 130 करोड़ लोगों को विश्वास दिलाता हूं। हमें उनके शौर्य पर भरोसा है। आगे की करवाई तय करने के लिए इजाजत दे दी गई है। पुलवामा हमले के साजिशकर्ताओ को सजा जरूर मिलेगी। हमारा पड़ोसी देश ये भूल गया कि ये नए जमाने का भारत है। विश्व में पड़ोसी देश की हालात बद से बदतर कर दी है वह दुनिया भर में कटोरा लेकर घूम रहा है। बदहाली के दौर में यह हरकत कर उसने भारत को बदहाल करने की कोशिश की है।”
श्री मोदी ने कहा “ हमारे पडोसी दुश्मन देश ने जो रास्ता अपनाया है उससे उसकी जो बदहाली हुई है वह किसी से छुपी नहीं है और हमने जो रास्ता लिया है उससे हमारी उन्नति को पूरी दुनिया ने देखा है। पूरे विश्व के लोग आतंक को खत्म करना चाहते हैं। ये धरती जानती है कि उसकी संतान की रक्षा कैसे करनी है। मणिकर्णिका काशी की बेटी थी।वहां लोगों ने मुझे सांसद बनाया है।मणिकर्णिका की जन्मभूमि मेरी कर्मभूमि है और आज मैं जहां खड़ा हूं वह मणिकर्णिका की कर्मभूमि है यह बात मुझे बुंदेलखंड से जोड़ती है। ”



0 comments:
Post a Comment