न्यूयॉर्क । संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अज़हर को प्रतिबंधित करने के लिए फिर से प्रयास आरंभ हो गये हैं और इस उद्देश्य से सदस्य देशों के विचारार्थ एक प्रस्ताव का मसौदा तैयार किया गया है।
सूत्रों ने इस बारे में रिपोर्टों की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें पता है कि अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद से मुकाबले के प्रयासों के तहत मसूद अजहर पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव का एक मसौदा तैयार किया गया है और उस पर सुरक्षा परिषद के सदस्य देश अनौपचारिक चर्चा करेंगे। अभी यह हालांकि स्पष्ट नहीं है कि इसे औपचारिक रूप से कब पेश किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार भारत के लिए इस कदम के बारे में फिलहाल कोई टिप्पणी करना उचित नहीं है क्योंकि यह सुरक्षा परिषद के सदस्यों के आंतरिक विषयों में आता है।
सूत्रों ने कहा कि भारत का मानना है कि जैश-ए-मोहम्मद ने उसके नागरिकों पर अनगिनत आतंकवादी हमले करने के दावे किये हैं जिनमें पुलवामा में 14 फरवरी को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर जघन्य फिदायीन हमला शामिल है।



0 comments:
Post a Comment