अमेठी । कांग्रेस पर परोक्ष रूप से निजी हित और रक्षा सौदों में दलाली की खातिर देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि रूस के सौजन्य से अमेठी में निर्मित एके 203 क्लानिश्नकोव रायफलों से ना सिर्फ आतंकवाद और नक्सलवाद से निपटने में मदद मिलेगी बल्कि दुनिया के अन्य देशों में इसका निर्यात किया जायेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी के गौरीगंज में 538 करोड़ रूपये की विकास परियोजनाओ का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये श्री मोदी ने कहा “ 2014 में उनकी सरकार ‘सबका साथ सबका विकास’ के मंत्र के साथ देश की सत्ता में आयी थी। अमेठी इसका उत्तम उदाहरण है। यहां हम चुनाव नही जीत पाये लेकिन पिछले पांच सालों में यहां के दिलों को जीतने में सफल हो गये। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जितनी मेहनत की। कभी नहीं लगा कि आपने उन्हे जिताया है या हराया है। उन्होने पूरी ईमानदारी से काम किया। पूरी तरह न्याय किया है। ”
उन्होने कहा कि पिछली सरकार में सेना और सुरक्षाबलों की जरूरतों को नजरअंदाज किया गया। उन्हे आधुनिक हथियार और सैन्य साजोसामान के लिये तरसा दिया गया। एके 203 की मदद से आतंकियो और नक्सलियो से होने वाली मुठभेडो में सुरक्षा बलों को बढत मिलने वाली है। यहां जो रायफल बनेगी वह दुनिया के दूसरे देशों में निर्यात की जायेगी। राेजगार के नये अवसर के साथ विकास के नये अवसर खोलने के रास्ते खोल रही है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रति आभार जताते हुये उन्होने कहा कि अमेठी में कोरबा की आर्डिनेंस फैक्ट्री में क्लानिश्नकोव रायफलो की सीरीज मे सबसे नवीन हथियार ए के 203 अमेठी में बनाया जायेगा। इसे रूस भारत का संयुक्त उपक्रम मिलकर बनायेगा। इसके लिये भारत के सबसे करीबी दोस्त पुतिन का बहुत बहुत आभार जिनके सहयोग से यह ज्वाइंट वेंचर बहुत कम समय में पूरा हुआ है। इस सफलता के लिये परियोजना से जुड़े रूसी मित्रों भी बधाई के पात्र हैं।



0 comments:
Post a Comment