नयी दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राफेल सौदे में और घेरते हुए कहा है कि इस मामले में उनके खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए अब पर्याप्त सबूत सामने आ गये हैं।
श्री गांधी ने बुधवार को ट्वीट किया “अब प्रधानमंत्री के खिलाफ राफेल घोटाले में मुकदमा चलाने के पर्याप्त सबूत हैं। भ्रष्टाचार का मुकदमा उनसे शुरू होकर उन पर ही खत्म होता है।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राफेल सौदे से जुड़े मामले में श्री मोदी को फंसाने वाले दस्तावेज अब कथितरूप से ‘चोरी’ हो गये हैं। उन्होंने कहा कि निश्चितरूप से सरकार अब इसके प्रमाण मिटाने के काम में जुट गयी है और मामले को रफादफा करने का प्रयास कर रही है।
इससे पहले कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीपसिंह सुरजेवाला ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राफेल सौदे में भ्रष्टाचार को लेकर नित नये खुलासे हो रहे हैं और अब इस सौदे में बातचीत के लिए गठित समिति की रिपोर्ट के उजागर होने से श्री मोदी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच के पर्याप्त सबूत सामने आ गये हैं।



0 comments:
Post a Comment