साहिबाबाद, ( सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो ) थाना लिंक रोड क्षेत्र में शुक्रवार की रात में पुलिस और एक लुटेरे के बीच हुई आमने सामने की मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया है। गोली लगने से लड़खड़ाये बदमाश को तुरंत पुलिस ने दबोच लिया। बदमाश से पुलिस ने लूटी हुई सोने की चैन और एक मंगलसूत्र, अवैध हथियार तथा लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। उसे गंभीर हालत में दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ साहिबाबाद डॉ राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना लिंक रोड क्षेत्र में शुक्रवार को बनाना ट्री नाम के एक होटल में ब्याह शादी का समारोह चल रहा था। वहां बाइक सवार एक बदमाश ने महिला के गले से सोने की चेन लूट ली थी। इस सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने बदमाश की तलाश शुरू की ही थी तभी इसी बीच उस बदमाश ने एक अन्य महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र लूट लिया । इस सूचना पर थानाध्यक्ष लिंकरोड लक्ष्मी चैहान, एसआई नवीन कुमार पचैरी एवं कांस्टेबिल अखिलेश उपाध्याय और बदमाश के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई जिसमें बदमाश को पैर में गोली लगी है और उसे घायल अवस्था में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अकेले सशस़्त्र बदमाश से भिड़ने वाले कांस्टेबिल अखिलेश उपाध्याय ने अपनी जान की परवाह न करते हुए उसे चुनौती दी और लुटेरे को दबोचने में सफल हुआ।
थानाध्यक्ष लिंकरोड लक्ष्मी चैहान ने बताया कि घायल बदमाश का नाम किशन लाल भूटानी उम्र 32 साल पुत्र तिलक राज भूटानी निवासी 213 गली पांच ज्वाला नगर दिल्ली शाहदरा है। यह एक शातिर बदमाश है जो अकेले ही बाइक पर सवार होकर के लूट की घटनाओं को पिछले चार साल से एनसीआर दिल्ली के अलावा थाना लिंक रोड एवं इंदिरापुरम क्षेत्र में अंजाम दे रहा था और पकड़ में नहीं आ रहा था । इसने करीब 500 घटनाओं को दिल्ली एनसीआर में अंजाम दिया है। पुलिस की पूछ ताछ में उसने बताया कि उस पर 10 लाख का कर्जा था ,जिसे चुकता करने के लिए उसने अपराध की दुनिया का रास्ता चुना।
शुक्रवार की रात को होटल में चल रहे एक शादी समारोह में आए लोगों को निशाना बनाने की दूसरी घटना में वह पकड़ा गया। इससे लूट का एक मंगलसूत्र, सोने की चेन, एक तमंचा कारतूस व लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई है।



0 comments:
Post a Comment