नयी दिल्ली । लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भारी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी तथा पूर्व भाजपा अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी के घर जाकर उनसे मुलाकात की और दोनों नेताओं के पैर छू कर आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर डॉ. जोशी ने कहा कि उन्हें केवल एक ही अपेक्षा है कि पार्टी लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करे। श्री मोदी ने दोनों मुलाकातों की तस्वीरें ट्विटर पर साझा की हैं। श्री मोदी श्री शाह के साथ सबसे पहले 27, पृथ्वीराज रोड स्थित श्री आडवाणी के निवास पर पहुंचे। श्री आडवाणी ने उनका दरवाजे पर स्वागत किया और श्री मोदी ने पूरी श्रद्धा से झुक कर दोनों हाथों से श्री आडवाणी के चरण स्पर्श किये। श्री आडवाणी इससे भावुक हो गये और उन्होंने श्री मोदी को दोनों हाथों से आशीर्वाद दिया। श्री मोदी ने ट्वीटर पर लिखा, “आदरणीय आडवाणी जी के घर जाकर उनसे मुलाकात की। आज भाजपा की यह सफलता संभव हुई है क्योंकि उन (श्री आडवाणी) जैसे महान लोगों ने पार्टी को बनाने और लोगों के सामने नयी आदर्शवादी गाथा पेश करने के लिए दशकों मेहनत की है।”
उल्लेखनीय है कि दोनों नेताओं में वैचारिक मतभेद रहे हैं। कभी पार्टी के सबसे शक्तिशाली नेताओं में एक रहे श्री आडवाणी ने इस बार लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा और सक्रिय राजनीति से अब लगभग पूरी तरह विरक्त हो चुके हैं।
श्री आडवाणी से मिलने के बाद श्री मोदी एवं श्री शाह की जोड़ी रायसीना रोड पर डॉ. जोशी के घर पहुंचे। डॉ. जोशी ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने उनके पैर छू कर आशीर्वाद लिया और डॉ. जोशी ने अपने हाथ से उन्हें मिठाई खिलायी।
बाद में डॉ. जोशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी केवल एक ही अपेक्षा है कि पार्टी लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करे। उन्होंने कहा, “पार्टी हर हाल में जितना बढ़िया काम कर सके, उसे करना चाहिए तथा हर पार्टी कार्यकर्ता जितना योगदान कर सकता हो, उसका भरपूर उपयोग होना चाहिए।”
प्रधानमंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात के बारे में उन्होंने कहा कि यह पार्टी की परंपरा रही है। हम भाजपा या हमारे विस्तारित परिवार (संघ परिवार) में वरिष्ठ जनों से उनकी शुभकामनाएं और आशीर्वाद लेने के लिए हमेशा मिलते हैं।
अपने भविष्य की योजना के बारे में पूछने पर डॉ. जोशी ने कहा, “मैं जो करता रहा हूं वही आगे भी करता रहूंगा। पार्टी जो करेगी उसके बारे में प्रधानमंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष निर्णय करेंगे।”



0 comments:
Post a Comment