नयी दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी के सांसद ओम बिड़ला आज सर्वसम्मति से 17वीं लोकसभा के अध्यक्ष चुन लिये गये।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सदन में श्री बिड़ला को अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव पेश किया जिसका रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समर्थन किया। सभी विपक्षी दलों ने भी श्री बिड़ला के नाम का समर्थन किया। सत्ता पक्ष एवं विपक्ष की तरफ से श्री बिड़ला के समर्थन में कुल 14 प्रस्ताव आए।
अस्थायी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री द्वारा पेश प्रस्ताव को सदन के समक्ष रखा तो सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर इसका अनुमोदन किया। इस पर उन्होंने श्री बिड़ला के लोकसभा अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा की और सभी सदस्यों ने मेजें थपथपाकर इसका स्वागत किया।
सत्तावन वर्षीय श्री बिड़ला के सर्व सम्मति से अध्यक्ष चुने जाने के बाद श्री मोदी, संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी, सदन में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, तृणमूल कांग्रेस के सुदीप्त वंद्योपाध्याय, शिव सेना के अरविंद सावंत, अकली दल के सुखबीर सिंह बादल, बीजू जनता दल के पिनाकी मिश्रा, द्रविड मुनेत्र कषगम के टी आर बालू सहित कई नेता श्री बिड़ला की सीट तक गये और उन्हें सम्मान के साथ अध्यक्ष के आसन तक ले गये। पिछले दो दिन से सदन का संचालन कर रहे अस्थायी अध्यक्ष ने श्री बिड़ला से आसन ग्रहण करने का आग्रह किया।
इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस के अधीर रंजन, बीजद के पिनाकी मिश्र, द्रमुक के टी आर बालू, तेलुगु देशम पार्टी के जयदेव गल्ला , शिव सेना के अरविंद सावंत, अकाली दल बादल के सुखबीरसिंह बादल, जनता दल यू के राजीव रंजन उर्फ लल्लन सिंह आदि नेताओं ने भी श्री बिड़ला को अध्यक्ष बनाये जाने के संबंध में प्रस्ताव पेश किये।
तृणमूल कांग्रेस के सुदीप्त वंद्योपाध्याय ने कहा कि उन्हें श्री बिडला के समर्थन में प्रस्ताव पेश करने का अवसर नहीं दिया गया है, इस पर अस्थायी अध्यक्ष ने कहा कि उनका प्रस्ताव नहीं मिला है। श्री वंद्योपाध्याय के जोर देने पर श्री वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि विशेष परिस्थितियों में उन्हें मौका दिया जा रहा है। इसके बाद श्री वंद्योपाध्याय ने श्री बिडला के नाम का समर्थन किया तो पूरा सदन मेजों की थपथपाहट से गूंज उठा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष के आसन पर बैठने के बाद अस्थायी अध्यक्ष जब अपनी सीट पर पहुंचे तो संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दो दिन तक सदन के संचालन के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिन में श्री कुमार ने सदस्यों को लोकसभा की सदस्यता की शपथ दिलाने एवं अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने तक सुचारु रूप से सदन का संचालन किया है। उन्होंने लोकसभा महासचिव स्नेहलता श्रीवास्तव का भी धन्यवाद किया और कहा कि उन्होंने शपथ दिलाने का काम बहुत अच्छी तरह पूरा किया है।



0 comments:
Post a Comment