सीओ बार्डर कार्यालय के सामने अपने पड़ौसियों के साथ खड़ी पीड़िता।
सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद । नामजद रिपोर्ट दिखाए जाने के बावजूद थाना साहिबाबाद पुलिस द्वारा भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के मामले में आत्महत्या की धमकी देने वाली पीड़ित महिला को समझा- बुझाकर सीओ बॉर्डर ने घर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र नगर सेक्टर 2 की एक सोसाइटी में रहने वाली तथा एक कॉलेज में प्रोफेसर महिला मोनी शर्मा( काल्पनिक नाम)का आरोप है कि उसने भाजपा नेता बीएल गौतम के खिलाफ थाना साहिबाबाद में छेड़छाड़ करने,शारीरक संबंध बनाने को मजबूर करने,जान से मारने की धमकी देने, गाली गलौज करने तथा बात न मानने पर चेहरे पर तेजाब फेंक कर विकृत करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के एक महीना बीत जाने के बावजूद भी थाना साहिबाबाद पुलिस ने भाजपा नेता के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की। भाजपा नेता को गिरफ्तार करने के बदले पुलिस उल्टा उसे ही धमका रही है। महिला का आरोप है कि मामले की जांच कर रहे एसआई हरिओम सिंह आरोपी से मिले हुए हैं और वे चुपके से मामले में एफआर लगाना चाहते हैं। इसलिए उसने जिलाधिकारी कार्यालय पर आत्महत्या करने की धमकी दी थी।
जिला मुख्यालय पर आत्महत्या करने की महिला की धमकी से सक्रिय हुई पुलिस ने मंगलवार की सुबह ही महिला से उसी के घर में बात की और सीओ बॉर्डर डॉ राकेश कुमार मिश्रा से मिलवाया। सीओ बॉर्डर से मिलने के बाद महिला संतुष्ट होकर घर वापस चली गई। पीड़िता के साथ आई अन्य महिलाओं ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता का बड़ा भाई जीएल गौतम (सेवानिवृत्त प्रोफेसर) सोसाइटी के सभी लोगों को परेशान करता है। इससे परेशान होकर कई लोग अपना मकान बेच करके वहां से जा चुके हैं । अपने बड़े भाई के पक्ष में भाजपा नेता बीएल गौतम वहां आता जाता है तथा अपने राजनैतिक रसूख का गलत फायदा उठाकर महिला प्रोफेसर को परेशान करता है तथा उससे शारीरिक संबंध बनाने की चेष्टा करता है। चूंकि महिला का पति विदेश में है और घर में अकेली महिला को देख भाजपा नेता की नीयत डोल जाती है। पुलिस की कार्रवाई न होने से भाजपा नेता के हौसले बुलंद है। ऊपर से रिपोर्ट लिखाए जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने से यह साफ हो गया है पुलिस भाजपा नेता के दबाव में कार्यवाही नहीं कर रही है।
इस संबंध में सीओ साहिबाबाद डॉक्टर राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला का प्रो.जीएल गौतम से विवाद पार्किंग को लेकर हुआ था जिसके बीच में अपने भाई का साथ देने भाजपा नेता खड़े हो गये। भाजपा नेता के खिलाफ महिला ने रिपोर्ट थाना साहिबाबाद में दर्ज करायी है। भाजपा नेता ने अपने बचाव में अपना पक्ष रखा है। कार्रवाई में साक्ष्य महत्वपूर्ण होते हैं। फिलहाल वे महिला की शिकायत पर मामले की विवेचना कर रहे एसआई को बदलकर दूसरे एसआई की नियुक्ति करेंगे तथा जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी वह की जाएगी । इसके अलावा उनका प्रयास है कि दोनों पक्षों में आपसी सहमति बने जिससे आगे से कोई और विवाद ना हो।



0 comments:
Post a Comment