मृतका नैना कौर का फाइल फोटो।
सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद। थाना टीला मोड़ क्षेत्र तुलसी निकेतन में बुधवार की रात में एक युवती की सरेआम चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई । यह हत्या लड़की द्वारा शादी से इंकार करने के चलते की गई।
जानकारी के अनुसार 19 साल की युवती नैना कौर पुत्री बलदेव सिंह निवासी 1977 तुलसी निकेतन अपने माता पिता के साथ बाजार में अपना मोबाइल रिचार्ज कराने आई थी । तभी उसने अपने माता-पिता से कहा कि वह चिल्ली पोटैटो खाएगी। लड़की जब चाट खाने के लिए दुकान पर गई तभी दो युवकों के साथ आये एक आरोपी ने लड़की को चोटी से पकड़ लिया और उसके ऊपर चाकुओं से दर्जनों बार किए । जब तक लड़की के माता-पिता उसे बचाने आए तब तक लड़की बुरी तरह से लहूलुहान हो चुकी थी । लड़की को तभी अस्पताल ले जाया गया , जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लड़की नैना कौर ने दिल्ली नंद नगरी के एक स्कूल से इस बार बारहवीं कक्षा की परीक्षा दी थी। आरोप है कि आरोपी शेरखान लड़की को कॉलेज से आते जाते परेशान करता था और अभी एक सप्ताह पहले लड़की के घर आया था तथा उसने लड़की के माता-पिता से कहा था कि वे अपनी लड़की से उसकी शादी कर दें। लेकिन लड़की और उसके परिवार ने लड़के के दूसरे मजहब का होने तथा लड़की की शादी और जगह तय हो जाने की वजह से शादी करने से इनकार कर दिया था। तभी आरोपी ने लड़की और परिवार वालों को भुगत लेने की धमकी दी थी ।
लड़की के पिता विवेक विहार की एक कंपनी में खराद का काम करते हैं। उनके दो बेटियां थीं जिनमें नैना छोटी लड़की थी। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। पत्नी मानसिक रूप से बीमार रहती है। लड़की की शादी इंदौर मध्य प्रदेश में 22 जून को होना तय हो हुई थी तथा यह परिवार 20 जून को इंदौर जाने के लिए अपनी रेल टिकट बुक करा चुका था। लेकिन आरोपी को किसी तरह से लड़की के घर से बाहर आने का पता लग गया। उसने मौके का फायदा उठा कर लड़की पर चाकू से वार कर दिया । प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर दो साथियों के साथ बाइक पर आया था और घटना करने के बाद उनके साथ वापस भाग गया। आरोपी शेरखान की मिनी पालिका बाजार सुंदरनगरी दिल्ली में गारमेंट की दुकान है और वह सुंदर नगरी में ही रहता है।
इस मामले में सीओ डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और मुख्य आरोपी को भी जल्दी पकड़ लिया जाएगा । घटना के संबंध में एसएसपी गाजियाबाद कलानिधि नैथानी ने बताया कि रात को करीब 9 बजे लड़की पर चाकुओं से हमला हुआ था जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था । उन्होंने पुलिस की तीन टीमें बनाकर आरोपी को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं और जल्दी ही हत्यारोपी कानून के हवाले कर दिया जाएगा। एएसपी साहिबाबाद केशव कुमार तुलसी निकेतन पुलिस चैकी पर डेरा डाले बैठे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सरेआम हुई इस घटना से लोग पुलिस की कार्यशैली पर उंगली उठा रहे हैं। पुलिस चैकी तुलसी निकेतन के सामने हुई है यह घटना पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।



0 comments:
Post a Comment