सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
साहिबाबाद । थाना साहिबाबाद क्षेत्र के वार्ड 37 के छाबड़ा कॉलोनी बी ब्लॉक के अनेक निवासियों ने दबंगों से आजिज आकर अपने मकान बेचने के लिये मकानों के बाहर पोस्टर चस्पाये हैं। इसके अलावा इन लोगों ने जिलाअधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। कार्यवाही ना होने पर अपने अपने मकान बेचकर चले जाने की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासियों नेे मिलकर गली में असामाजिक तत्वों की आवाजाही कालोनी में से रोकने के कुछ इंतजाम किये थे। जिनमें से वाहनों का रास्ता रोकने के लिए चैन व ब्रेकर लगाना था । लेकिन कुछ दिन पूर्व में दो लोगों ने इस व्यवस्था का विरोध करना शुरू कर दिया तथा वे असामाजिक तत्वों से सुरक्षा के लिए लगाए गए इंतजामों को हटाने लगे। इसके लिए वे पड़ोसियों को डराने धमकाने लगे तथा अपनी दबंगई दिखाने के लिए आसपास के असामाजिक तत्वों को बुलाकर विरोध करने वाले प्रमुख लोगों की पहचान कराने लगे। इसलिए लोगों को अपनी जान का खतरा है कि कहीं असामाजिक तत्व उनका अहित न कर दें।
इससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया है। स्थानीय निवासी नीलमा माथुर, पुष्प रौतेला का आरोप है कि सुशील वर्मा व अमित श्रीवास्तव कॉलोनी वासियों की अपनी राजनीतिक हैसियत और पैसे के बल पर प्रताड़ित कर रहे हैं। आए दिन गुंडा टाइप के लोगों को अपने घर पर बुलाकर बैठक करते हैं। पूरे ब्लॉक में भय का माहौल पैदा हो गया है और अब सीधे साधे लोगों नेे मिलकर अपने अपने मकान बेचकर जाने का फैसला कर लिया है। इन लोगों ने स्थानीय पुलिस व जिला अधिकारी गाजियाबाद व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है तथा कार्रवाई नहीं होने पर अपने घरबार बेच कर कहीं और जाने का फैसला कर लिया है।
इस मामले में स्थानीय पार्षद सरदार सिंह ने बताया कि वे दोनों पक्षों को एक साथ बिठाकर बातचीत करा,समस्या सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिये उन्होंने स्थानीय लोगों की एक बैठक बुला कर शांति बनाने का प्रयास करना शुरू कर दिया है। इस बैठक में योगेश माथुर, राजेश माथुर, दीपक, सुनील गुप्ता, प्रकाश रौतेला एसपी सिंह निभा खान, मेहराज, कुणाल, शुभम गुप्ता, आदि लोगों मौजूद रहे थे।



0 comments:
Post a Comment