गृह मंत्री ने कश्मीरी युवाओं से पत्‍थरबाज न बनाने की अपील की- Rajnath Concerned About The Situation In Kashmir

श्रीनगर : गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद राजनाथ और महबूबा मुफ्ती ने संयुक्‍त तौर पर एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। गृह मंत्री ने कहा कि बच्चे तो बच्चे हैं, अगर वे अपने हाथों में पत्थर उठाते हैं तो उन्हें समझाया जाना चाहिए। युवाओं को पत्‍थरबाज न बनाने की अपील की। हालात बिगाड़ने वाले की पहचान की जाएगी। सिंह ने सभी कश्मीरियों से घाटी के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करने की अपील की। सिंह के अनुसार, वह चाहते हैं कि सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कश्मीर आए। राजनाथ ने कहा कि घाटी के हालात को लेकर बेहद दुखी हैं। कश्‍मीर हिंसा में मौत पर पूरा देश दुखी है। सभी दलों से बेहतर बात हुई है, सभी पक्षों से सकारात्‍मक बात हुई है। सभी दल चाहते हैं कश्‍मीर में शांति बहाल हो।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ‘कश्मीरियत, इन्सानियत और जम्हूरियत’ नीति दोहराते हुए यह संकेत देने की कोशिश की कि राजग सरकार किसी के भी साथ बातचीत करने के लिए तैयार है। अपने कश्मीर दौरे के दूसरे दिन सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि हम भारत के भविष्य को आकार देना चाहते हैं। अगर कश्मीर का भविष्य अनिश्चित है तो भारत के भविष्य को भी आकार नही दिया जा सकता। संवाददाता सम्मेलन में सिंह के साथ मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती भी मौजूद थीं। कश्मीर के लोगों तक पहुंचने की केंद्र की कोशिश के तहत सिंह का एक माह में कश्मीर का यह दूसरा दौरा है।
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment