अरविंद केजरीवाल ने आज आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नजीब जंग के जरिये आप सरकार के कई निर्णयों को पलटना और दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल को हटाना चाहते हैं और दावा किया कि डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
जंग ने कल कहा था कि चार अगस्त के दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद वह आप सरकार के ‘‘गैर-कानूनी निर्णयों’’ को पलटने और उसमें संशोधन करने की प्रक्रिया में लगे हुए है। उपराज्यपाल के इस बयान के एक दिन बाद माइक्रो-ब्लागिंग वेबसाइट ट्विटर के जरिये केजरीवाल ने ये टिप्पणी की। केजरीवाल ने दावा किया कि उपराज्यपाल और केंद्र न्यूनतम मजदूरी और अनिर्धारित कटौती के लिए डिस्काम को जिम्मेदार ठहराये जाने समेत लोगों से जुड़े हुए कई निर्णयों को पलटना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि नजीब जंग अपनी कुर्सी बचाने के लिए लोकतंत्र का नाश कर रहे हैं। कैग से जुड़े विवाद पर दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि लेखा परीक्षक ने केंद्र और अन्य राज्यों के विज्ञापन खचरें की लेखा परीक्षा से साफ मना कर दिया।


0 comments:
Post a Comment