सपा सांसद अमर सिंह का कद बढ़ा, मुलायम ने बनाया राष्ट्रीय महासचिव SP MP Amar Singh's stature grew, Yadav made the general secretary

लखनऊ,  ( संवाददाता )  समाजवादी परिवार में चल रहे घमासान के बीच सपा सांसद अमर सिंह का कद अचानक और बढ़ गया है। सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बना दिया है।

वह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी पार्टी की ओर से अहम भूमिका निभाएंगे। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने खुद अपने हाथ से पत्र लिख कर अमर सिंह को यह नई जिम्मेदारी दी है। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को सूचित किया।

पार्टी में किसी की भी पद पर नियुक्ति के लिए आमतौर पर राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव ही पत्र जारी करते हैं। पर, इस मामले में मुलायम सिंह यादव ने खुद ही पत्र जारी कर कहा कि अमर सिंह पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मुलायम का यह पत्र जारी कर इस फैसले को सार्वजनिक किया।

पार्टी व परिवार के बीच चल रही उठापटक के बीच रामगोपाल व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जहां अमर सिंह के प्रति नापसंदगी सार्वजनिक तौर पर जाहिर कर चुके थे। इसके उलट प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल व मुलायम सिंह यादव अमर सिंह को हालिया घमासान के बीच भी पार्टी के लिए खासा उपयोगी बता चुके थे। मुलायम ने कहा था कि अमर सिंह ने सपा की मुश्किल वक्त में मदद की।

गाहे-बगाहे मुलायम सिंह यह भी कह चुके हैं कि अमर सिंह उनके दिल में रहते हैं। अमर सिंह भी खुद को मुलामयवादी बताते रहे हैं। कुछ महीने पहले ही सपा से राज्यसभा सांसद बने और बाद में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य बनाए गए थे। सपा में आने के बाद अमर सिंह ने यह भी कहा था कि पार्टी में उनकी उपेक्षा हो रही है, उन्हें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से भी उन्हें मिलने का वक्त नहीं दिया जा रहा है।
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment