इलाहाबाद, प्रमुख संवाददाता मिशन 2017 की जंग में आज मायावती ने इलाहाबाद के परेड ग्राउंड से हुंकार भरते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और जंगल राज की खात्मा करेगी ।
आज मायावती ने संगमनगरी में विश्वास जताया कि बसपा के उत्तर प्रदेश में सत्ता संभालने के बाद प्रदेश के लोगों के अच्छे दिन आएंगे। मायावती परेड के उसी मैदान में जनसभा को संबोधित किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून में जनसभा की थी।
खचाखच भरे परेड मैदान के मंच से मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। आज सभास्थल पर भारी भीड़ देखकर पार्टी की मुखिया मायावती बेहद गदगद थीं।
मायावती ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी को सरकार बनाने से को कोई भी नहीं रोक पाएगा। प्रदेश में सर्वजन सुखाय का सपना पूरा होगा। अब उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। मायावती ने कहा कि कार्यकर्ताओं के जोश से जीत का भरोसा हुआ है। हमारी पार्टी का नारा है, सवर्जन हिताय-सर्वजन सुखाय। यह हमारी पार्टी की मूल नीति है। इसी नीति पर हमने अपने चारों शासनकाल में न्याय किया है। खास कर गरीबों व अल्पसंख्यकों का ध्यान रखा है।
मायावती ने कहा कि बसपा के हर शासन में प्रदेश की कानून-व्यवस्था बेहद मजबूत रही है। यहां से अपराध तथा अपराधी भाग जाते थे। इसी कारण से प्रदेश विकास की राह पर चल रहा था। दूसरी सरकार ने विकास का काम ठप कर दिया है। भ्रष्टाचार तथा गुंडाराज चल रहा है।
मायावती ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश तथा प्रदेश को हर कदम पर धोखा दिया है। कांग्रेस अब गरीबों को आरक्षण देने का ढोंग कर रही है। मायावती ने कहा कि जब मैंने इस मामले को राज्यसभा में उठाया था, तब कांग्रेस गरीब सवर्णों को आरक्षण देने के मामले में चुप रहती थी। अब यह लोग उसी की वकालत में लगे हैं। दिल्ली में कांग्रेस की नाव डुबोने वाली शीला दीक्षित को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पद का दावेदार बनाया है। मायावती ने कहा कि बसपा ने प्रदेश में सभी धर्मों के लोगों का भला किया है। भाजपा तो सिर्फ पूंजीपतियों का भला कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो ने कहा कि मोदी सरकार धन्ना सेठों का ही भला कर रही है। बड़े पूंजीपतियों का कर्ज माफ किया जा रहा है और छोटे किसानों, कारोबारियों को प्रताडित किया जा रहा है। देश को बर्बादी की इस राह पर लाने के लिए कांग्रेस की सरकार जिम्मेदार है। भाजपा सरकार माहौल को और खराब कर रही है।मायावती ने कहा कि केंद्र की जनधन योजना से धन्ना सेठों का ही फायदा। मुट्ठी भर पूंजीपतियों को ही लाभ मिल रहा है। दलितों के बारे में पीएम मोदी का इंटरव्यू लेखा जोखा के साथ सिर्फ फाइलों में दर्ज कागजी मसौदा है। मोदी सरकार जनकल्याण में विफल है। भ्रष्टाचार-महंगाई पर मोदी सरकार विफल है। ऐसा कुछ नहीं किया है जिससे जनता उसकी तारीफ करे।
लोकसभा चुनाव के दौरान देश के लोगों खास कर उत्तर प्रदेश के लोगों से मोदी ने कहा था कि यदि सत्ता मिली तो विदेशों में जमा कालाधन सौ दिनों के अंदर लाया जाएगा, और प्रत्येक गरीब परिवार में हर व्यक्ति को पंद्रह लाख रुपये दिए जाएंगे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। मैं पूछना चाहती हूं कि किसी गरीब को एक रुपये की भी फूटी कौड़ी नहीं मिली है। मोदी का यह वादा भी पूरी तरह फेल हुआ है। कांग्रेस की तरह देश का कालाधन निकालने की दिशा में योजना लाई है। भाजपा में भी कांग्रेस की तरफ भ्रष्टाचार की जड़ें फैलीं हैं।
मायावती ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर जंगल राज को खत्म किया जाएगा। भ्रष्टाचार खत्म करेंगे। अपराधिक तत्वों को जेल भेजा जाएगा। सपा सरकार में उत्पीड़ित लोगों की एफआरआर दर्ज करवाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्हें बचाने वाले पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पट्टे की जमीन पर काबिजधारी लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। भर्तियों की जांच होगी।
मायावती ने जनसभा में आरक्षण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन काल में कुछ लोगों ने कोर्ट कचहरी का सहारा लेकर प्रमोशन में आरक्षण खत्म करवा दिया। हमने संघर्ष किया तो संविधान संशोधन हुआ। यह विधेयक राज्यसभा में तो पास हुआ, लेकिन लोकसभा में अटक गया। इससे भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता साफ नजर आती है। भाजपा शासन में आरक्षण का कोटा अधूरा है। प्राइवेट सेक्टर में अभी तक आरक्षण की व्यवस्था नहीं है। बड़े बड़े काम प्राइवेट सेक्टर को दिए जा रहे हैं, इससे आरक्षण नहीं के बराबर रह गया है। भाजपा की दलित-आदिवासी व पिछड़ा वर्ग विरोधी मानसिकता साफ झलकती है।
भाजपा शासित राज्यों में इन वर्गों का हर स्तर पर शोषण हो रहा है। रोहित वेमुला, गुजरात का ऊना प्रकरण, यूपी का दयाशंकर सिंह प्रकरण इसी बात का उदाहरण है। भाजपा नेता कुछ मौकों पर दलित व पिछड़े वर्गों के घर जाकर खाना खाते हैं, इससे इन वर्गों का भला नहीं होने वाला। इन वर्गों के लोग नरेंद्र मोदी की सहानुभूति नहीं चाहते। वह ठोस कार्रवाई चाहते हैं। वह संविधान प्रदत अधिकार को जमीन पर लागू होना देखना चाहते हैं।
मायावती ने कहा कि मुस्लिम समाज के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। सांप्रदायिक व कट्टरवादी ताकतें मजूबत हो रही हैं। देश को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए गोरक्षा तथा आतंकवाद के नाम पर मुस्लिम समाज का उत्पीडन हो रहा है। यह देश हित में ठीक नहीं। बसपा इसकी कड़ी निंदा करती है। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी सरकार विफल है, इससे देश की जनता निराश है। दिल्ली की कानून व्यवस्था खराब है और यूपी में भी खराब हालत है।
भाजपा ने यूपी में केशव प्रसाद जैसे व्यक्ति को अध्यक्ष बनाया है, जिसका अपराधिक इतिहास रहा है। पूरे प्रदेश में गुंडे, माफिया व सांप्रदायिक ताकतों का मनोबल बढ़ चुका है। सरकारी गैरसरकारी जमीन पर कब्जे चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। मुजफ्फरनगर, दादरी, बुलंदशहर व मथुरा कांड को कभी नहीं भुलाया जा सकता। यूपी की 22 करोड़ जनता असुरक्षित है। खास तौर पर महिलाएं तो बिल्कुल नहीं। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब किसी न किसी महिला की इज्जत आबरू लूटी जाती है।
चुनाव होने तक कांग्रेस बीजेपी, खास तौर पर बीजेपी मीडिया का गलत इस्तेमाल करेगी। उनके पास बड़े बड़े पूंजीपति है, वह घिनौने हथकंडे-षड़यंत्र अपनाएगी। इतनी गर्मी, इतनी धूप, उमस में आप अपनी बहन को सुनने पहुंचे हैं, इसके लिए मैं आपकी आभारी हूं।




0 comments:
Post a Comment