गोपालगंज, (संवाददाता) मीरगंज थाना क्षेत्र के सिंगहा टोला तुलसिया गांव में अभिमन्यु तिवारी उर्फ मनु तिवारी के अलावा उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट के आरोप में कुख्यात सतीश पाण्डेय तथा पंद्रह अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सतीश पाण्डेय कुचायकोट के जदयू विधायक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय के बड़े भाई व जिला परिषद अध्यक्ष के पिता हैं।
दर्ज प्राथमिकी में अभिमन्यु तिवारी उर्फ मनु तिवारी ने आरोप लगाया है कि उनका भतीजा 11 वर्षीय शीबू तिवारी स्कूल से पढ़कर लौट रहा था। इसी बीच रास्ते में सतीश पाण्डेय के निजी सुरक्षा गार्ड की बाइक से उसे ठोकर लग गई। इसके बाद बच्चे व सुरक्षा गार्ड के बीच बकझक हुई। उन्होंने आरोप लगाया है कि घर लौटने के बाद उनके भतीजे ने इस बात की जानकारी उन्हें दी। इसी बीच सतीश पाण्डेय अन्य 15 लोगों के साथ उनके दरवाजे पर पहुंच गए तथा उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। लौटते समय उन्होंने जान से मारने की भी धमकी परिवार के लोगों को दी। घटना के बाद डरे अभिमन्यु तिवारी के बयान पर कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



0 comments:
Post a Comment