गाजियाबाद, (संवाददाता) आज दिनदहाड़े बाइक सवार हमलावरों ने महिला को गोली मार कर घायल कर दिया । घटना विजयनगर थानाक्षेत्र स्थित सुंदरपुरी कॉलोनी की है। गंभीरावस्था में पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष विजयनगर नजीर खां ने बताया कि माधोपुरा इलाके में 28 वर्षीय ज्योति अपने दूसरे पति अमित के साथ रहती है। आज वह खरीदारी करने के लिए बाजार जा रही थी। तभी रास्ते में बाइक सवार दो हमलावरों ने उसे गोली मारी और फरार हो गए। एसओ ने बताया कि आज सुबह ज्योति का पति अमित से झगड़ा हुआ था। उसके बाद यह घटना हुई। जिसके चलते पुलिस मामले को पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रही है। जिला अस्पताल में पीड़ित महिला ने पति अमित के एक दोस्त पर हमला करने का आरोप लगाया था। उसने आरोपी का नाम भी बताया था। वहीं देर शाम जीटीबी अस्पताल में महिला आरोपी को न पहचानने की बात कह रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



0 comments:
Post a Comment