युवक ने की आत्महत्या, प्राचार्य पर प्रताड़ना का आरोप Youth suicide, principal accused of harassment

साहिबाबाद, (संवाददाता)   एलआर कॉलेज में इलेक्ट्रीशियन के पद पर तैनात युवक ने पंखे से फांसी लगाकर इह लीला समाप्त कर ली । पुलिस को जो सुसाइड नोट मिला है उसमें कॉलेज के प्राचार्य और कॉलेज प्रबंधन पर प्रताड़ित करने और मानसिक शोषण का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मधुबनी, बिहार का रहने वाला रणजीत कुमार झा (26) राजेन्द्र नगर की धनपत कॉलोनी में अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रहते थे। उनके पिता व परिवार के अन्य सदस्य वृंदावन गार्डन सोसाइटी में रहते हैं। रणजीत साहिबाबाद के एलआर कॉलेज में इलेक्ट्रीशियन का काम करते थे। उनके भाई रणधीर कुमार झा ने बताया कि रविवार को कजरी तीज की पूजा थी। पूजा में शामिल होने के लिए रणजीत की पत्नी रूपा झा बच्चे के साथ वृंदावन गार्डन चली गई। इसके बाद शाम को रूपा ने पूजा में शामिल होने के लिए रणजीत को फोन किया। रणजीत ने फोन नहीं उठाया।
लगातार कई घंटे तक फोन करने के बाद भी रणजीत का फोन नहीं उठा। इसके बाद वह घर पहुंची। वहां दरवाजा खुला हुआ था और कमरे में रणजीत की लाश पंखे से लटक रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रणधीर का आरोप कि कॉलेज प्रशासन रणजीत को परेशान करता है। वह घर में इस बात की चर्चा भी करता था। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि रणजीत के जेब से कुछ लिखी हुई पर्ची मिली है, जिसे पुलिस ने अपने पास रख लिया है। उन्हें आशंका है कि उस पर्ची में रणजीत ने जरूर ही अपने मरने का कारण लिखा होगा। जांच अधिकारी बृज किशोर ने बताया कि मृतक के पास से मिला सभी सामान सुरक्षित रखा गया है। सुसाइड नोट भी मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
मृतक ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं आत्महत्या कर रहा हूं। मेरे मरने का कारण प्रिंसिपल एसडी कौशिक और भूदेव शर्मा हैं। मेरा साथ मानसिक शोषण किया गया है। मेरे मरने के बाद मेरे बच्चे का पालन पोषण कर लेना। सुसाइड नोट में अंग्रेजी में हस्ताक्षर किया गया है।
इस संदर्भ में लाजपत राय कॉलेज के प्राचार्य डॉ.एस.डी.कौशिक का कहना है कि कॉलेज प्रशासन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। रणजीत की मौत से कॉलेज के लोग दुःखी हैं। वह घरेलू समस्याओं से परेशान रहता था। उसे कई बार समझाया भी गया था।

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment