भारत ने न्‍यूजीलैंड को 178 रन से हराया, सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल -india vs new zealand second test win by india

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच कोलकाता के ईडन गार्ड्न्स में खेला गया. चौथे दिन रविवार को टीम इंडिया ने न केवल न्यूजीलैंड को 178 रन से हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली, बल्कि आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पाकिस्तान को पछाड़कर टेस्ट में नंबर वन भी बन गई. न्यूजीलैंड की टीम दूसरी पारी में 376 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 197 रन पर ही सिमट गई. उसकी ओर से सबसे अधिक रन टॉम लाथम (74) ने बनाए. भारत की ओर से आर अश्विन, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने 3-3 विकेट, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने एक विकेट चटकाया.

टीम इंडिया के न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल करते ही उसे टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक स्थान मिल गया. हालांकि आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है. अब टीम इंडिया के 113 अंक हो जाएंगे. इस साल टीम इंडिया तीसरी बार नंबर वन पर पहुंची है और ऐसा कुल चौथी बार हुआ है. अब यदि अंतिम मैच में भारत हार जाता है और सीरीज 2-1 से जीतता है तो उसके 111 अंक हो जाएंगे. इतने ही अंक टेस्ट की शीर्ष टीम पाकिस्तान के हैं, लेकिन दशमलव अंक में वह भारत से आगे रहेगा.

कोलकाता टेस्ट की दूसरी पारी में अश्विन ने जैसे ही रॉस टेलर को पगबाधा (LBW) आउट किया, तो एक मैच में सबसे अधिक खिलाड़ियों के पगबाधा आउट होने का भारतीय रिकॉर्ड बन गया. इससे पहले अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1996-97 में 13 खिलाड़ी पगबाधा आउट हुए थे. कोलकाता में अब तक 15 बल्लेबाज पगबाधा हुए हैं.

लंच तक विकेट को तरसी टीम इंडिया को पहली सफलता आर अश्विन ने मार्टिन गप्टिल को 24 रन पर पैवेलियन लौटकर दिलाई. दूसरा विकेट रवींद्र जडेजा ने हेनरी निकोल्स (24) को अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच कराकर लिया. लाथम-निकोल्स के बीच 49 रन की साझेदारी हुई. इसके बाद आर अश्विन ने रॉस टेलर (4) को आउट कर तीसरा झटका दिया. टीम इंडिया को सबसे बड़ी सफलता आर अश्विन ने चौथे विकेट के रूप में दिलाई, जब टॉम लाथम 74 रन बनाकर विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा को कैच दे बैठे. पांचवां विकेट मिचेल सैंटनर का रहा, जिन्हें मोहम्मद शमी ने पगबाधा आउट किया. छठा विकेट भी शमी के ही नाम रहा. उन्होंने बीजे वाटलिंग (1) को बोल्ड किया. सातवीं सफलता रवींद्र जडेजा ने ल्यूक रॉन्ची (32) को वापस भेजकर हासिल की. 8वां विकेट (जीतन पटेल का) तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने लिया. नौवां विकेट रवींद्र जडेजा ने मैट हेनरी (18) को विराट कोहली के हाथों कैच करवाकर लिया. अंतिम विकेट मोहम्मद शमी ने ट्रेंट बोल्ट के रूप में लिया.

घरेलू मैदान पर अपना 250वां टेस्ट खेली टीम इंडिया टेस्ट रिकॉर्ड के मामले में न्यूजीलैंड पर भारी है. दोनों टीमों के बीच अब तक 56 टेस्ट मैच हुए हैं, जिनमें टीम इंडिया ने 20 मैच जीते हैं, वहीं न्यूजीलैंड को 10 मैचों में जीत मिली हैं, जबकि 26 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं. न्यूजीलैंड ने आखिरी बार 2012 में भारत दौरा किया था, जिसमें टीम इंडिया ने उसे 2-0 से हराया था. यदि दोनों देशों के बीच आखिरी टेस्ट सीरीज की बात करें, तो टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के साथ आखिरी सीरीज उसी की धरती पर 2013-14 में खेली थी, जिसमें उसे 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था. टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर पिछले 13 मैचों में से 11 में जीत दर्ज की है और दो ड्रॉ खेले हैं. उसने इस सफर की शुरुआत दिसंबर 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 1-2 से हार के बाद की थी.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment