कश्मीर के बारामुला में पहली बार मिले पाकिस्तान के अलावा चीन के भी झंडे, 44 गिरफ्तार - 44 arrested in connection with terrorist activities in baramulla

 सुरक्षाबलों ने बारमुला के पुराने शहर में तलाशी अभियान के दौरान आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के संदेह में 44 लोगों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से बड़ी मात्रा में पेट्रोल बम, चीन और पाकिस्तान के झंडे, जैश ए मोहम्मद और लश्कर ए तैयबा के लेटर पैड बरामद किए गए हैं.

सेना,जम्मू-कश्मीर पुलिस, बीएसएफ और सीआरपीएफ के साझा ऑपरेशन में बारामुला के पुराने शहर के दस संवेदनशील इलाकों में यह अभियान चलाया गया. काजी हमान, गनाई हमाम, तवीद गंज और जामिया जैसे मोहल्ले आतंकियों के लिए बहुत सुरक्षित जगह की तरह थे.  17 अक्टूबर को 12 घंटे के अंदर करीब 700 घरों की तलाशी ली गई. यह अभियान पिछले 100 दिनों की हड़ताल के बाद सुरक्षा बलों का सबसे बड़ा अभियान है.  


सुरक्षा बलों ने यह कार्रवाई पक्की सूचना के आधार पर की. यहां पर छापे के दौरान गैर कानूनी मोबाइल फोन, राष्ट्र विरोधी सामग्री भी जब्त की गई. इसके अलावा लंबे चले तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों के संदिग्ध अड्डे भी तबाह किए गए.

कश्मीर में पहली बार पाकिस्तान के अलावा चीन के भी झंडे मिले हैं. तीन अक्टूबर को सेना के कैंप पर आतंकियों ने हमला किया था जिसमें एक बीएसएफ का जवान शहीद हो गया था और एक घायल हो गया था. बाद में आतंकी भागने में सफल हो गए थे. वहीं 17 अगस्त को भी आतंकियो ने बारामुला में घात लगाकर सेना के काफिले पर हमला किया था. हमले में सेना के दो जवान और एक पुलिस कर्मी शहीद हो गए थे. यहां भी आतंकी हमला करने के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले थे.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment